Gumla News: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ आमजनों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा.
इसे भी पढ़ें:
अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में स्थित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जनभागीदारी के माध्यम से साफ-सफाई की गई तथा लोगों को पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया. इस दौरान गुमला के अंजम धाम, रायडीह के मरदा मंदिर, बसिया के बाघमुंडा जलप्रपात, डुमरी के टांगीनाथ धाम, मरसा डैम, भरनो सहित अन्य स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं.
इसी क्रम में पर्यटन विभाग ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल बायोडायवर्सिटी पार्क में विशेष पौधरोपण व स्वच्छता अभियान चलाया. पार्क परिसर में पौधारोपण के साथ साफ-सफाई की गई तथा लोगों को स्वच्छ एवं हरित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया गया.
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों एवं प्रतिभागियों ने पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया.
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की कि जिले के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें. स्वच्छ पर्यटन स्थल न केवल पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय पर्यटन के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

