Saraikela News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी जुलुमटांड़ में सोमवार देर शाम गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई. घटना पूजा पंडाल के समीप हुई. मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है. गोली लगने के बाद गंभीर हालत में उसे टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गोली चल गई. गोली सोनू कुमार को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटनास्थल पर ताश की गड्डियां भी बिखरी मिली हैं. ऐसे में पुलिस जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद को हत्या की एक संभावित वजह मानकर जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें:
इस मामले में विशाल सिंह नामक युवक पर सोनू को गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. मृतक के भाई को भी घटना की जानकारी है और उससे पूछताछ कर घटनाक्रम के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों का पता लगा रही है. इस घटना के बाद सतबोहनी जुलुमटांड़ और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

