Ranchi-आदिवासी नेता निशा भगत की मौत के मामले में डीएसपी अमर कुमांर पांडेय जांच कर रहे हैं. निशा भगत के पिता हंदू भगत के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. इस मामले में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को आरोपी बनाया गया है. जबकि एफआईआर में एक अज्ञात है.
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय सहिंता की धारा 108 और 61 (2) के तहत मामला दर्ज किया है. भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 में आत्महत्या के लिए उकसाने या मजबूर (Incitement to suicide) करने के कार्य को अपराध के रुप में बताया गया है. इसका मतलब है कि यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति को आत्महत्या करने के लिए उकसाता है, मजबूर करता है, या निर्देश देता है, तो उस व्यक्ति को धारा 108 के तहत दंडित किया जा सकता है. इस धारा के तहत अभियुक्त को दस साल तक की कैद और जुर्माना की सजा से दंडित किये जाने का प्रावधान है. जबकि जब दो या दो से अधिक व्यक्ति आपस में समझौता करके किसी अपराध या अवैध कार्य को करने के लिए कदम उठाते है तो ऐसे व्यक्ति को भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत कारावास व जुर्माने की सजा से दंडित किया जा सकता है.
पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज
निशा भगत की मौत के मामले में उनके पिता हंदू भगत ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन को पिठोरिया थाना के सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार दास ने प्राप्त किया है.
हंदू भगत ने अपने आवेदन में बेटी निशा भगत की मौत को सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हत्या बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि निशा भगत को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित तौर पर चरित्र हनन किया गया और झूठे आरोप लगाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया.
आवेदन में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के अलावा जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों और अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच करने की मांग की गई है. पिता ने आरोप लगाया है कि घर से बाहर आने-जाने के दौरान भी उनकी बेटी को परेशान किया जाता था. लगातार मिल रही कथित प्रताड़ना के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थीं.
NCW ने भी लिया है स्वतः संज्ञान
इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने निशा भगत के आत्महत्या के मामले में स्वंतः संज्ञान लिया है. आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष, विस्तृत एवं समयबद्ध जांच के साथ निशा के फेसबुक लाइव, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण को सुनिश्चित करने को कहा है.
इसके साथ ही आयोग ने पुलिसकर्मियों की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही या कर्तव्य में चूक पाए जाने पर जवाबदेही तय करने तथा दिवंगत के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा है. आयोग ने कहा है कि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई की समीक्षा, पूर्व में दर्ज कराई गई शिकायतों पर जांच के बारे में जानकारी दी जाए. आयोग ने पुलिसकर्मियों की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही या कर्तव्य में चूक पाए जाने पर जवाबदेही तय करने तथा दिवंगत के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा है. आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) भी मांगी है.