Search

ज्ञानेश कुमार बेलूर मठ पहुंचे, प्रमुख स्वामी से मिले, कहा, हिंसामुक्त करायेंगे चुनाव, टीएमसी महाभियोग लाने की तैयारी में

  • ममता बनर्जी लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमलावर है.
  • महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कम से कम 100 सांसदों के हस्ताक्षर आवश्यक हैं.
  • जानकारी के अनुसार कांग्रेस, सपा का साथ टीएमसी को मिलेगा.

New Delhi/Kolkata : तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी चुनाव आयोग के विरुद्ध  मेट्रो चैनल पर धरना दे रही हैं. उसी बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपनी टीम के साथ रविवार शाम कोलकाता पहुंचे हैं. कल सोमवार को उन्होंने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कालीघाट मंदिर में पूजा और आरती की. हालांकि कालीघाट में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार को काले झंडे दिखाये, गो बैक के नारे लगाये.

 

पूजा के बाद उन्होंने बंगाल में हिंसा-मुक्त और शांतिपूर्ण चुनाव कराने का वादा दोहराया. खबर है किआज आखिरी दिन मंगलवार सुबह 7:15 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त बेलूर मठ पहुंचे. हालांकि बेलूर मठ जाते समय भी प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार को काले झंडे दिखाये. नारेबाजी की. 

 

बेलूर मठ पहुंचने पर रामकृष्ण मठ और मिशन के साधुओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त(CEC) का स्वागत किया.  वे बेलूर मठ के मुख्य मंदिर में रामकृष्ण मठ और मिशन के प्रमुख स्वामी गौतमानंदजी महाराज से मिले. बेलूर मठ से निकलते समय ज्ञानेश कुमार ने सभी को नमस्कार करते हुए कहा कि  राज्य में चुनाव हिंसा-मुक्त होंगे. चुनाव आयोग राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखेगा.

 

खबर है कि ममता बनर्जी द्वारा धरना दिये जाने के बीच  टीएमसी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ  संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. बता दे कि पिछले कुछ माह से ममता बनर्जी लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमलावर है.  कुछ दिन पहले ममता बनर्जी ने कहा था कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग चलायेंगे. पूछे जाने पर अभिषेक बनर्जी  ने कहा था कि इस प्रक्रिया को लेकर चर्चा चल रही है.   

 

जानकारी के अनुसार सोमवार  रात तृणमूल कांग्रेस ने घोषणा की कि महाभियोग की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. हस्ताक्षर अभियान जारी  है. महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कम से कम 100 सांसदों के हस्ताक्षर आवश्यक हैं. टीएमसी  के लोकसभा और राज्यसभा में 41 सांसद हैं.

 

टीएमसी अन्य राजनीतिक दलों से संपर्क कर रही है. जानकारी के अनुसार कांग्रेस, सपा का साथ टीएमसी को मिलेगा.  इससे अलग  भाजपा का कहना है कि  टीएमसी के पास मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने का अधिकार नहीं है. तृणमूल कांग्रेस का मकसद सुर्खियां बटोरना है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp