Search

 
 
 

छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में झारखंड NDA सांसदों ने किया संसद परिसर में प्रदर्शन

झारखंड में आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में भाजपा और NDA सांसदों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया. संसद भवन के मकर द्वार पर प्रदर्शन हुआ.
 

Ranchi: झारखंड में आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में भाजपा और NDA सांसदों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया. संसद भवन के मकर द्वार पर प्रदर्शन हुआ. इसका नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने किया. प्रदर्शन में झारखंड के साथ ओडिशा के सांसद भी शामिल हुए. सांसदों ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए.

इसे भी पढ़ें: 

आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर कई बार लाठीचार्ज किया गया. उन्होंने कहा कि छात्रों को रात के अंधेरे में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया. छात्राओं के साथ भी दुर्व्यवहार का आरोप लगाया. मीडिया कर्मियों के साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की गई.

 

आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार को समर्थन दे रही है.उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग साफ है. पिछले सात वर्षों में हुई भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग की जा रही है. इसमें JPSC, JSSC, CGL और उत्पाद सिपाही परीक्षा शामिल हैं.

 

साहू ने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों से फोन पर बात की है. लेकिन उनकी मांग को लेकर राज्य सरकार पर दबाव नहीं बनाया. उन्होंने कहा, राहुल गांधी छात्रों की मांग पूरी करवाएं. या फिर हेमंत सरकार से समर्थन वापस लें.

 

साहू ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित आंदोलन स्थल का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि आधी रात को डीसी और एसएसपी समेत भारी पुलिस बल वहां पहुंचा. आंदोलन स्थल की बिजली काट दी गई. छात्रों को जबरन हटाने का प्रयास किया गया. उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया.

 

आदित्य साहू ने सरकार को चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी तरह की ज्यादती बर्दाश्त नहीं की जाएगॉ. भाजपा सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी. उन्होंने कहा कि लाठी और दमन के बल पर छात्रों की आवाज दबाई नहीं जा सकती.

 

प्रदर्शन में निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, बीडी राम, डॉ. प्रदीप वर्मा, चंद्रप्रकाश चौधरी, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह समेत कई सांसद मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही