Hazaribagh News: औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) हजारीबाग में नामांकन में अनियमितता को लेकर बुधवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया. चतरा, गिरिडीह, गुमला सहित झारखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से नामांकन के लिए आए छात्र दिनभर परेशान दिखे. छात्रों ने आरोप लगाया कि संस्थान के विभिन्न प्रशिक्षकों द्वारा पैसे लेकर नामांकन कराया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:
छात्रों ने कहा कि वे सुबह से ही संस्थान में मौजूद थे और उन्हें टोकन नंबर दिया गया था. नियमानुसार नामांकन रोल नंबर के क्रम से शुरू होना चाहिए था, लेकिन प्रशिक्षकों द्वारा अंतिम रोल नंबर 296-298 वाले छात्रों का टोकन के आधार पर नामांकन लिया जा रहा था, जबकि शुरुआती रोल नंबर वाले छात्र इंतजार करते रहे. इसी बात को लेकर छात्रों में आक्रोश फैल गया और शाम तक हंगामा चलता रहा.
छात्रों ने आरोप लगाया कि संस्थान में विभिन्न ट्रेडों में 300 से अधिक सीटें हैं, लेकिन पैसे लेकर टोकन बांटा जा रहा है और नामांकन के लिए 15,000 से 16,000 रुपये की मांग की जा रही है. सुदूर जिलों से आए छात्रों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर पारदर्शी तरीके से नामांकन प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

