- रांची के कोकर का रहने वाला था ट्रक चालक नागेंद्र सिंह
- ट्रक पर लोड लाखों की अंग्रेजी शराब गायब, जांच में जुटी पुलिस
Hazaribagh News : रांची से अग्रेजी शराब की बड़ी खेप लेकर निकले ट्रक का चालक अचानक लापता हो गया था. उसका शव हजारीबाग जिले के चौपारण से बरामद किया गया है. ट्रक भी बरामद कर लिया गया है. चालक की पहचान रांची निवासी नागेंद्र सिंह के रूप में हुई है. परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं, ट्रक का नंबर प्लेट भी बदल दिया गया था. चौपारण पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें
रांची के कोकर निवासी चंदन सिंह ने चौपारण थाना में आवेदन देकर बताया कि नागेंद्र सिंह उसके जीजा थे. आवेदन के अनुसार, नागेंद्र सिंह 29 अक्टूबर को रांची के तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित यूनाइटेड स्पिरिट्स प्राइवेट लिमिटेड से ट्रक (संख्या JH01CA8807) पर अंग्रेजी शराब लोड कर बोकारो के लिए निकले थे. लेकिन वह बोकारो नहीं पहुंचे और लापता हो गए. परिजनों के मुताबिक, 30 अक्टूबर से नागेंद्र का मोबाइल बंद मिल रहा था. परिवार के लोगों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. इसके बाद तुपुदाना थाना में उनके लापता होने की लिखित सूचना दी गई.
इसी बीच अगले दिन परिजनों को जानकारी मिली कि वेलकम इंटरप्राइजेज के दीपक कुमार सिंह की ओर से नागेंद्र सिंह के खिलाफ विदेशी शराब गायब करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. एक तरफ चालक की तलाश चल रही थी, तो दूसरी तरफ शराब गायब होने के मामले में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी से परिवार की चिंता और बढ़ गई.
इधर, 5 नवंबर को परिजनों को सूचना मिली कि चौपारण थाना क्षेत्र में एक शव और ट्रक बरामद हुआ है. सूचना मिलते ही चंदन सिंह चौपारण थाना पहुंचे. वहां बरामद ट्रक को देखकर उन्होंने उसकी पहचान नागेंद्र सिंह के वाहन के रूप में की. परिजनों के अनुसार, ट्रक पर दूसरी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि वाहन का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर JH01CA8807 है. इसके बाद हजारीबाग अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान नागेंद्र सिंह के रूप में की. चालक की मौत और ट्रक से शराब गायब होने की घटना ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है.
खाली मिला था ट्रकः थाना प्रभारी
मामले को लेकर चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि बरामद ट्रक खाली अवस्था में मिला है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. इस मामले में पुलिस के सामने कई सवाल हैं. शराब की खेप किसने गायब की? ट्रक पर दूसरी नंबर प्लेट किसने लगाई? चालक नागेंद्र सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या शराब गायब होने और चालक की मौत के बीच कोई संबंध है? क्या इस पूरे घटनाक्रम में कोई संगठित गिरोह शामिल है? पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है.

