Hazaribagh News : हजारीबाग डीसी हेमंत सती ने शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा व बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले में बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न योजनाओं व संस्थानों के कार्यों की समीक्षा की गई. डीसी ने बच्चों के अधिकारों की रक्षा व उनकी समुचित देखरेख के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण विभाग की प्रमुख जिम्मेवारी यह सुनिश्चित करना है कि 18 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को बालपन का अधिकार प्राप्त हो रहा है या नहीं. बच्चा चाहे बेहतर परिस्थितियों में रह रहा हो अथवा विपरीत परिस्थितियों में, उसके संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा व विकास को सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिक जिम्मेवारी है.
डीसी ने सृजन फाउंडेशन हजारीबाग में रह रहे नन्हें बच्चों की समुचित देखरेख व जरूरी सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने बरही में संचालित बाल गृह की स्थिति की जानकारी ली.
हजारीबाग में संचालित संप्रेक्षण गृह की समीक्षा के क्रम में डीसी ने अधीक्षक के पद को स्वीकृति प्रदान कराने के लिए विभाग को पत्राचार करने का निर्देश दिया. ताकि संस्थान का संचालन व्यवस्थित तरीके से हो सके. उन्होंने फोस्टर केयर के अंतर्गत रह रहे बच्चों की स्थिति की भी जानकारी ली. बैठक में डीडीसी रिया सिंह, बाल संरक्षण पदाधिकारी संजय प्रसाद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

