- पुराने एवं जर्जर भवनों को ध्वस्त करने, कार्यालय परिसर की साफ-सफाई रखने का निर्देश
Hazaribagh News: उपायुक्त हेमन्त सती ने शनिवार को कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी से क्षेत्र में संचालित एसआईआर, प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी जी राम जी, वाटर कंजर्वेशन, मटेरियल, अबुआ आवास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली.
उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर में पुराने एवं जर्जर भवनों को ध्वस्त करने का निर्देश दिया. साथ ही प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित पुराने थाना परिसर की साफ-सफाई कराकर उसे प्रखंड कार्यालय परिसर में सम्मिलित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. उन्होंने सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य में प्रगति करने का निर्देश दिया. इस दौरान उपायुक्त ने सुपरवाइजर, पंचायत सेवक एवं कर्मचारियों के लिए निर्मित आवासीय भवनों का निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें:
अनाथ बच्चों के मामले में शीघ्र कार्रवाई का निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा उपायुक्त को बताया गया कि रुदवा पंचायत में छह अनाथ बच्चों से संबंधित मामले सामने आए हैं. इनमें से दो बच्चों का आवासीय विद्यालय में नामांकन करानी है, जबकि शेष चार बच्चों को फोस्टर केयर के तहत परिवार उपलब्ध कराने के लिए ग्राम सभा के माध्यम से निर्णय लेते हुए एडॉप्ट करने वाले परिवार का चयन कर लिया गया है. अब बाल कल्याण समिति के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जानी है.
आमजनों से किया संवाद
उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय में आए आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने अंचलाधिकारी सहित सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही प्रतिदिन कार्यस्थल की लाइव लोकेशन भेजने को कहा.
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को सुपरवाइजर रैंक के सभी अधिकारियों के कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने अंचलाधिकारी एवं संबंधित कर्मियों को जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्रों का समयबद्ध रूप से निर्गमन सुनिश्चित करने को कहा.
प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी मिले नदारथ
उपायुक्त ने प्रखंड पशुपालन कार्यालय का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने दूरभाष के माध्यम से नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश दिया. संबंधित कर्मी को दवाइयों के रखरखाव को व्यवस्थित रखने तथा कार्यालय परिसर को स्वच्छ रखने का निर्देश दिया गया.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने कटकमसांडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ओपीडी, एक्स-रे, जनरल वार्ड, एमसीडी क्लिनिक, ड्रेसिंग एवं माइनर ओटी, जांच केंद्र, दवा वितरण केंद्र, कोल्ड चेन कक्ष में वैक्सीन तथा व्यय संबंधी विवरण की जानकारी ली.उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि अंतिम माह में एक्सपायरी होने वाली दवाइयों को स्वास्थ्य केंद्रों में भेजने से बचा जाए तथा दवाओं की उपलब्धता एवं एक्सपायरी की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा कार्यालयों में बेहतर कार्य संस्कृति करने का निर्देश दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

