Hazaribagh News : हजारीबाग के छात्रों ने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ शुक्रवार को हुई कार्रवाई व लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को गांधी मैदान से मौन जुलूस निकाला. हाथों में गुलाब व कलम तथा चेहरे पर मास्क लगाकर छात्रों ने सरकार व पुलिस-प्रशासन के खिलाफ मौन प्रदर्शन किया. मौन जुलूस मटवारी गांधी मैदान से निकल कर जिला परिषद चौक पहुंचा. वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को गुलाब फूल व कलम देकर अपनी भावना जताई.
इसे भी पढ़ें
छात्रों का आरोप है कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने के बावजूद शुक्रवार को उन पर लाठियां बरसाई गईं. इसमें कई छात्र चोटिल हुए. छात्रों का कहना है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने की बजाय पुलिस ने लाठियां चला दी. छात्रों ने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस की कार्रवाई से उनका आंदोलन दबने वाला नहीं है. जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, आंदोलन जारी रहेगा.
बताते चलें कि शुक्रवार की शाम हुए छात्रों के प्रदर्शन के बाद हजारीबाग पुलिस ने करीब 700 छात्रों पर मामला दर्ज किया है. इनमें दर्जनों नामजद व अन्य अज्ञात शामिल हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

