Search

 
 
 

Hazaribagh : भाजपा 12 साल का हिसाब दे, जनता जवाब मांग रही- विनोद कुशवाहा

Hazaribagh : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कॉर्डिनेटर विनोद कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा से जनता के समक्ष अपने कार्यकाल का वास्तविक हिसाब देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि केवल प्रचार और उपलब्धियों के दावे करने से जनता की समस्याएं समाप्त नहीं होतीं, बल्कि सरकार को अपने वादों और जमीनी उपलब्धियों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए.
 

Hazaribagh : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कॉर्डिनेटर विनोद कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा से जनता के समक्ष अपने कार्यकाल का वास्तविक हिसाब देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि केवल प्रचार और उपलब्धियों के दावे करने से जनता की समस्याएं समाप्त नहीं होतीं, बल्कि सरकार को अपने वादों और जमीनी उपलब्धियों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए. 

 

विनोद कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने देश की जनता से रोजगार, महंगाई नियंत्रण, किसानों की आय दोगुनी करने, भ्रष्टाचार समाप्त करने और बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे अनेक वादे किए थे. लेकिन 12 वर्ष बीत जाने के बाद भी देश की बड़ी आबादी इन बुनियादी मुद्दों से जूझ रही है. उन्होंने कहा कि देश का युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है.

 

विभिन्न सरकारी विभागों में लाखों पद रिक्त पड़े हैं, लेकिन नियुक्ति प्रक्रिया में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई दे रही है. कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. ऐसे में भाजपा को युवाओं को यह बताना चाहिए कि 12 वर्षों में रोजगार सृजन के क्षेत्र में उसकी वास्तविक उपलब्धियां क्या रही हैं.

 

कांग्रेस नेता ने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है. रसोई गैस, खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल रही है, जबकि चुनाव के दौरान महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे.

 

विनोद कुशवाहा ने किसानों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र आज भी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है. किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है. उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा आज भी अधूरा है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताने का प्रयास कर रही है, लेकिन देश की जनता अब प्रचार नहीं, बल्कि जमीनी सच्चाई जानना चाहती है.

 

जनता यह जानना चाहती है कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और महंगाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार ने क्या उपलब्धियां हासिल की हैं. विनोद कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है और सरकार को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए. उन्होंने भाजपा से मांग की कि वह 12 वर्षों के कार्यकाल का विस्तृत लेखा-जोखा जनता के सामने रखे और बताए कि चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में क्या ठोस कदम उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि देश की जनता अब सवाल पूछ रही है और सरकार से जवाब चाहती है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही