Search

 
 
 

डीवीसी की अपील HC ने की खारिज, PSU की कार्यशैली पर की कड़ी टिप्पणी

Ranchi News : चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने अपने आदेश में कहा कि जनता के पैसे से मुकदमेबाजी कर किसी मृत कर्मचारी के आश्रित को उसके कानूनी हक से वंचित करने और कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने की प्रवृत्ति को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.
 
हाईकोर्ट

Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) की एक अपील को खारिज करते हुए सार्वजनिक उपक्रम (पीएसयू) की कार्यशैली पर कड़ी टिप्पणी की है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने अपने आदेश में कहा कि जनता के पैसे से मुकदमेबाजी कर किसी मृत कर्मचारी के आश्रित को उसके कानूनी हक से वंचित करने और कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने की प्रवृत्ति को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. 

 

कोर्ट ने डीवीसी को दो सप्ताह के भीतर आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने और अवमानना याचिका में अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है. प्रतिवादी की ओर से अधिवक्ता मनोज टंडन ने पक्ष रखा.

 

​क्या है पूरा मामला

यह मामला कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरकी धमराई निवासी रामनाथ प्रसाद की अनुकंपा नियुक्ति से जुड़ा है. उनके पिता फागू महतो डीवीसी में कार्यरत थे और सेवा काल के दौरान 15 अक्टूबर 2012 को उनका निधन हो गया था. उस समय लागू वर्ष 1984 की अनुकंपा नीति के तहत आश्रित के पास एकमुश्त मुआवजा या अनुकंपा नियुक्ति में से किसी एक विकल्प को चुनने का अधिकार था.

 

​डीवीसी ने स्वयं रामनाथ प्रसाद का नाम अनुकंपा नियुक्ति के पैनल में शामिल किया था, लेकिन वर्षों तक नियुक्ति नहीं दी. वर्ष 2017 में जब उनकी मां ने गुहार लगाई, तो डीवीसी ने नौकरी देने से इनकार करते हुए एकतरफा तरीके से 5 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश पारित कर दिया.

 

​14 साल और सात मुकदमों की लंबी लड़ाई

न्याय पाने के लिए आश्रित को पिछले कई वर्षों में हाईकोर्ट में रिट और अवमानना सहित करीब छह से सात बार मुकदमे लड़ने पड़े. ​2018 में पहला आदेश: हाईकोर्ट की एकल पीठ ने 5 जुलाई 2018 को डीवीसी के मुआवजे वाले आदेश को रद्द कर दिया था. डीवीसी ने इसके खिलाफ अपील (एलपीए) दायर की, लेकिन बाद में खुद ही वापस ले ली, जिससे एकल पीठ का आदेश अंतिम हो गया.

 

​हलफनामे के बावजूद टालमटोल

वर्ष 2021 की एक अवमानना याचिका में डीवीसी ने शपथपत्र देकर कहा था कि याचिकाकर्ता पैनल में पहले स्थान (सीरियल नंबर 1) पर आ चुका है और रिक्ति होते ही उसे नियुक्त कर दिया जाएगा. इसके बावजूद नियुक्ति नहीं दी गई.

 

वहीं, 20 दिसंबर 2024 को एकल पीठ ने फिर से छह सप्ताह के भीतर नियुक्ति देने का आदेश दिया, जिसके खिलाफ डीवीसी ने खंडपीठ में एलपीए दायर की. सुनवाई के दौरान डीवीसी की ओर से दलील दी गई कि 2020 की नई नीति के तहत अब नौकरी के बजाय केवल 15 लाख रुपये एकमुश्त मुआवजा देने का प्रावधान है और आवेदन भी पांच साल की देरी से किया गया था.

 

खंडपीठ ने डीवीसी की सभी दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि आश्रित का दावा और कोर्ट के पूर्व के अंतिम आदेश वर्ष 1984 की नीति के प्रभावी रहते पारित हुए थे. खुद आदेशों को लटकाए रखने के बाद डीवीसी अब 2020 की बदली हुई नीति का लाभ नहीं उठा सकता.

 

​कोर्ट ने कहा कि जब डीवीसी ने स्वयं ही आश्रित को पैनल में शामिल किया था, तो अलग से आवेदन की आवश्यकता ही नहीं थी. मां का पत्र देरी से दिया गया आवेदन नहीं, बल्कि परिवार को बचाने की गुहार थी.

 

विशेष परिस्थितियों और पीएसयू द्वारा बार-बार कोर्ट के आदेशों की अवहेलना को देखते हुए एकल पीठ का विशेष पद (सुपरन्यूमेरेरी पोस्ट) सृजित कर नियुक्ति देने का निर्देश पूरी तरह न्यायसंगत है.

​

अदालत ने अपील खारिज करते हुए कहा कि वह डीवीसी पर जुर्माना लगाने पर विचार कर रही थी, लेकिन इस उम्मीद में जुर्माना नहीं लगाया जा रहा है कि एक जिम्मेदार सार्वजनिक उपक्रम अब बिना किसी और टालमटोल के दो सप्ताह के भीतर आदेश का पालन करेगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही