Ranchi : झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य में दिखने लगा है. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 17 और 18 अगस्त को कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और मजबूत होने की संभावना है. इसके असर से झारखंड में बारिश की गतिविधि बढ़ेगी.
16 अगस्त को इन जिलों में बारिश का अलर्ट
आज राज्य के दक्षिणी और आसपास के मध्य हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गुमला और खूंटी में भारी बारिश का येलो अलर्ट है.
पूरे राज्य में कई जगहों पर गरज के साथ बारिश और वज्रपात की भी संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
17 अगस्त को 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
17 अगस्त को बारिश का असर और बढ़ सकता है. पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची और खूंटी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. राज्य के दूसरे हिस्सों में भी गरज, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी.
18 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश
18 अगस्त को मौसम प्रणाली का असर राज्य के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों में ज्यादा देखने को मिल सकता है. पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं, लोहरदगा, रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा और गढ़वा में भारी बारिश का येलो अलर्ट है. इस दिन भी पूरे राज्य में वज्रपात और तेज हवा को लेकर मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है.
रांची में तीन दिन बारिश
राजधानी रांची में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है. 16 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 17 और 18 अगस्त को मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री के आसपास रह सकता है.
गुमला में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. गुमला के विष्णुपुर केवीके में सबसे ज्यादा 69.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. बहरागोड़ा और पाकुड़ में सबसे अधिक 33.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. वहीं, लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है. वज्रपात के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.