Search

कैबिनेट से पारित पेसा रूल को सार्वजनिक करे हेमंत सरकारः बाबूलाल

  • निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराया जाए

Ranchi : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार की हिम्मत पेसा से संबंधित कैबिनेट के प्रस्ताव को सार्वजनिक कराने में क्यों नहीं दिख रही. इससे स्पष्ट हो रहा है कि कहीं न कहीं कोई ऐसी बात है जो राज्य सरकार जनता से छुपा रही है.

 

एक तरफ सरकार पेसा प्रस्ताव पारित करने के नाम पर अपना पीठ थपथपा रही है, लेकिन यह बताने से भाग रही है कि आखिर उस प्रस्ताव में है क्या? जिस समाज के विषय में, जिनकी परंपराओं, रूढ़ियों, रीति रिवाजों, शासन व्यवस्थाओं से संबंधित यह पेसा एक्ट है, आज उसी समाज को वास्तविक स्थिति पता नहीं है.

 

चाहे जनता हो या जन प्रतिनिधि सभी मीडिया में छपी खबरों के भरोसे ही जानकारी ले रहे. उन्होंने राज्य सरकार से जल्द पारित प्रस्ताव को सार्वजनिक करने की मांग की ताकि जनता को दिग्भ्रमित होने से बचाया जा सके.

 

निकाय चुनाव दलीय आधार पर हो

श्री मरांडी ने कहा कि निकाय चुनाव दलीय आधार पर होना चाहिए ताकि जनता के बीच विभिन्न दलों के माध्यम से सेवा कार्य करने वाले कार्यकर्ता जन प्रतिनिधि बनकर और अधिक सक्रियता के साथ संविधान के दायरे में जनता की सहायता कर सकें. गैर दलीय चुनाव मसल और मनी पॉवर को बढ़ावा देता है जो स्वच्छ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं.

 

सांगठनिक विषयों व आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा

प्रदेश प्रभारी सांसद डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि यह बैठक पूरी तरह सांगठनिक बैठक थी जिसमें सांगठनिक विषयों, आगामी कार्यक्रमों आदि पर चर्चा हुई. पार्टी के वरिष्ठ नेता समय-समय पर बैठक कर पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों की चर्चा करते रहते हैं.

 

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने भी पेसा प्रस्ताव पारित होने के बाद सार्वजनिक नहीं किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. मुंडा ने कहा कि पेसा नियमावली अधिसूचित क्षेत्रों में रूढ़ि जन्य परंपरा, व्यवस्थाओं पर आधारित है.

 

यह एक्ट प्राचीन पारंपरिक सुशासन और स्वशासन व्यवस्था को संरक्षित और संवर्धित करता है. उन्होंने कैबिनेट से पारित प्रस्ताव को पब्लिक डोमेन में सार्वजनिक करने की मांग की.
 

बैठक में ये रहे शामिल

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू, प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा में मुख्य सचेतक डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, पूर्व विधायक अनंत कुमार ओझा शामिल हुए.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//