Search

 
 
 

Court News : सेवा नियमितीकरण मामले में दैनिक वेतनभोगी कर्मी को हाईकोर्ट से राहत

Ranchi News : याचिकाकर्ता कुलदीप कुमार तुरी मई 2009 से गिरिडीह जिला कल्याण कार्यालय में स्वीकृत रिक्त पद के विरुद्ध लगातार दैनिक वेतनभोगी जीप चालक के रूप में कार्य कर रहे हैं. दस वर्ष से अधिक की संतोषजनक सेवा पूरी करने के बाद उन्होंने 10 अक्टूबर 2019 को सेवा नियमितीकरण के लिए आवेदन दिया था, जिसे जिला कल्याण पदाधिकारी ने अनुशंसा के साथ आगे बढ़ाया था.
 
हाईकोर्ट
  • 8 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता को नियमित करने का निर्देश
  • कल्याण विभाग के सचिव की अध्यक्षता वाली राज्य स्तरीय समिति का आदेश निरस्त

Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने वर्ष 2009 से दैनिक वेतन पर कार्यरत एक जीप चालक की सेवा नियमितीकरण की मांग को स्वीकार करते हुए उसे बड़ी राहत दी है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

न्यायमूर्ति दीपक रोशन की कोर्ट ने गिरिडीह निवासी कुलदीप कुमार तुरी की रिट याचिका को मंजूर करते हुए कल्याण विभाग के सचिव की अध्यक्षता वाली राज्य स्तरीय समिति के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें उनकी सेवा नियमित करने से इनकार किया गया था.

 

कोर्ट ने संबंधित विभाग को आदेश की प्रति प्राप्त होने के 8 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता को जीप चालक के पद पर नियमित करने का निर्देश दिया है.

 

क्या है पूरा मामला

याचिकाकर्ता कुलदीप कुमार तुरी मई 2009 से गिरिडीह जिला कल्याण कार्यालय में स्वीकृत रिक्त पद के विरुद्ध लगातार दैनिक वेतनभोगी जीप चालक के रूप में कार्य कर रहे हैं. दस वर्ष से अधिक की संतोषजनक सेवा पूरी करने के बाद उन्होंने 10 अक्टूबर 2019 को सेवा नियमितीकरण के लिए आवेदन दिया था, जिसे जिला कल्याण पदाधिकारी ने अनुशंसा के साथ आगे बढ़ाया था.

 

वर्ष 2022 में राज्य सरकार की उच्च स्तरीय बैठक के निर्देशों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर याचिकाकर्ता ने पूर्व में हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. कोर्ट के आदेश और अवमानना याचिका दायर होने के बाद 2 दिसंबर 2025 को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति ने नियमों की जांच के बाद उनकी सेवा नियमित करने की अनुशंसा की थी.

 

हालांकि, 15 दिसंबर 2025 को विभागीय सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय बैठक में यह कहते हुए उनका दावा खारिज कर दिया गया कि उनकी नियुक्ति सक्षम प्राधिकार द्वारा नहीं की गई थी और चालक पद पर नियुक्ति झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से होनी चाहिए.

 

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट के उमा देवी फैसले का हवाला देते हुए कहा गया कि केवल लंबे समय तक दैनिक वेतन पर काम करने से नियमितीकरण का अधिकार नहीं बनता. दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की दलीलों को खारिज कर दिया. 

 

कोर्ट ने कहा कि प्रमंडलीय समिति ने स्वयं माना है कि याचिकाकर्ता स्वीकृत पद के विरुद्ध 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत हैं और विभाग की सहमति से वेतन पा रहे हैं. 

 

अदालत ने इस तथ्य को भी रेखांकित किया कि झारखंड में अब तक JSSC द्वारा जीप चालक के पद पर नियुक्ति के लिए कोई परीक्षा आयोजित ही नहीं की गई है. ऐसे में विभाग अपनी विफलता का ठीकरा कर्मचारी पर नहीं फोड़ सकता.

 

अदालत ने 15 दिसंबर 2025 के अस्वीकृति आदेश (मेमो संख्या 4180) को रद्द करते हुए 8 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता की सेवा नियमित करने का आदेश पारित किया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही