Search

 
 
 

झरिया में तेज रफ्तार वाहन ने मां-बेटे को रौंदा, घटनास्थल पर ही दोनों की हुई मौत

 

Dhanbad : धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र में दुःखहरनी मंदिर के पास शनिवार की देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. इस टक्कर में बाइक पर सवार मां-बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने पास के थाने को दी. जानकारी मिलते ही झरिया पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हादसे की जांच में जुट गई है.

हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर हो गया फरार

हादसे के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाटांड़ के रहने वाला 25 वर्षीय राहुल साव अपनी मां अंजू देवी (47 वर्षीय) को डॉक्टर से दिखाने के लिए बाइक से झरिया जा रहा था. तभी धनबाद से झरिया ओर आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दुःखहरनी मंदिर के पास बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों लोग डिवाइडर से टकरा गए. इसमें घटनास्थल पर ही मां और बेटे की मौत हो गई. वहीं घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक घटनास्थल से फरार हो गया. राहुल साव के पिता का नाम सहदेव साव है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इसके बाद घटना की जानकारी पास के झरिया थाना को दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही झरिया पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेज दिया और घटना की जांच में जुट गई. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही