Amit Kumar
Nowamundi: पश्चिमी सिंहभूम जिला के बड़ाजामदा क्षेत्र की टंकीसाई में मूसलाधार बारिश ने दो परिवारों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी. कई घंटों तक लगातार हुई तेज बारिश के कारण टंकीसाई निवासी दीपक गोप और माटा पूर्ति के मिट्टी से बने कच्चे मकान अचानक भरभराकर ढह गए. इस घटना में दोनों परिवारों का आशियाना पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया.
इसे भी पढ़ें:
घर गिरने के कारण घरों के अंदर रखा कपड़ा, बर्तन, राशन, घरेलू उपयोग का सामान और अन्य जरूरी सामग्री मलबे में दब गई. अचानक हुई इस घटना से परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. घर में रखा काफी सामान बारिश और मलबे के कारण खराब हो गया. घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और रोजमर्रा की आवश्यकताओं की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है.
दोनों परिवारों को सुरक्षित आश्रय की तलाश हैं. स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताते हुए प्रशासन से शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं, प्रभावित परिवारों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत सामग्री, अस्थायी आवास की व्यवस्था तथा उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है, ताकि बारिश के इस संकट के दौरान दोनों परिवारों को राहत मिल सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

