Ranchi: झारखंड पुलिस की छवि को बेहतर बनाने के लिए सिर्फ दावे नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई और आम लोगों के प्रति जवाबदेही जरूरी है. राज्य पुलिस के ऑपरेशन आईजी नरेंद्र सिंह ने रांची से चोरी हुई कार को महज डेढ़ घंटे में बिहार के औरंगाबाद से बरामद कराकर इसका उदाहरण पेश किया है. झारखंड और बिहार पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर उन्होंने एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मी की लाखों की संपत्ति सुरक्षित वापस दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
हरमू हाउसिंग कॉलोनी से सोमवार सुबह सेवानिवृत्त बैंक कर्मी देवानंद सिन्हा की आल्टो कार चोरी हो गई थी. उन्होंने अरगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस मुख्यालय में ऑपरेशन आईजी नरेंद्र सिंह को भी घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही आईजी सक्रिय हुए और तत्काल टोल प्लाजा को अलर्ट कर वाहन की निगरानी शुरू कराई. कार के बिहार की ओर जाने की जानकारी मिलते ही बिहार पुलिस के अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया गया.
झारखंड पुलिस के इनपुट पर औरंगाबाद जिले की अंबा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू की. पुलिस को देखकर कार चालक भागने लगा. पीछा करने के दौरान वह ग्रामीण रास्ते पर पहुंचा और आगे रास्ता बंद मिलने पर कार छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया.
इसे भी पढ़ें -
पुलिस की तत्परता से पीड़ित का भरोसा लौटा
कार मालिक देवानंद सिन्हा ने बताया कि जब पुलिस मुख्यालय से कार बरामद होने की सूचना मिली, तो उन्हें पहले विश्वास नहीं हुआ. कार की तस्वीर और विवरण मिलने के बाद उन्हें यकीन हुआ कि वाहन मिल गया है. उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस घटना के बाद पुलिस के प्रति उनकी सोच बदल गई है.
समन्वय और त्वरित कार्रवाई बनी सफलता की वजह
ऑपरेशन आईजी नरेंद्र सिंह की पहल पर झारखंड और बिहार पुलिस के बीच तत्काल समन्वय स्थापित हुआ. सीमावर्ती क्षेत्रों में सूचना साझा करने और त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी की कार दूसरे राज्य में बरामद कर ली गई. यह कार्रवाई बताती है कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर समय रहते हस्तक्षेप और सक्रिय नेतृत्व से आम नागरिकों को राहत मिल सकती है.
झारखंड पुलिस की छवि अक्सर कार्रवाई में देरी और शिकायतों के निस्तारण को लेकर सवालों के घेरे में रहती है. ऐसे में ऑपरेशन आईजी नरेंद्र सिंह की इस पहल ने पुलिस की जवाबदेही, तत्परता और समन्वय का सकारात्मक उदाहरण पेश किया है. पुलिस की ऐसी कार्रवाई आम लोगों के बीच विश्वास मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


