Ranchi : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की झारखंड शाखा ने राजस्थान के उदयपुर में डॉक्टरों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. संगठन ने इस घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

राजस्थान के मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र
IMA झारखंड ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र भेजकर मामले पर चिंता जताई है. संगठन का कहना है कि डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती.
संगठन के अनुसार उदयपुर के जे.पी. ऑर्थोपेडिक अस्पताल में IMA राजस्थान के निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता और उनके सहयोगियों पर हमला किया गया. इस घटना से चिकित्सा समुदाय में नाराजगी है.
IMA झारखंड ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, हमले में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
संगठन ने कहा कि ऐसी घटनाएं स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करती हैं, डॉक्टरों में असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं और डॉक्टर-मरीज संबंधों को भी कमजोर करती हैं.
IMA झारखंड ने डॉ. आनंद गुप्ता और राजस्थान के चिकित्सा समुदाय के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment