- Common Cause फैसले से लेकर राजहंस प्रकरण तक उलझा मामला,
- नई अधिसूचना के बाद फिर जारी हुए मांग-पत्र
Ranchi(impact of mmdr on jharkhand :): झारखंड में खनन कंपनियों और सार्वजनिक उपक्रमों से बकाया राशि की वसूली का मामला अब बड़े कानूनी संघर्ष में बदलता दिख रहा है. राज्य सरकार की ओर से कोयला और लौह अयस्क समेत विभिन्न खनन गतिविधियों से जुड़े मामलों में करीब 1.48 लाख करोड़ रुपये के दावे किए गए हैं. इन दावों में भूमि अधिग्रहण और मुआवजा, अवैध खनन तथा धुले कोयले के स्वामित्व से जुड़े बकाये शामिल हैं. हालांकि मांग-पत्र जारी करने के अधिकार और उनकी वैधानिकता को लेकर कंपनियों ने न्यायिक तथा विभागीय स्तर पर चुनौती दी है. कई मामले फिलहाल विचाराधीन हैं.
पहले आपने पढ़ा...
Common Cause फैसले के बाद शुरू हुई कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट ने 2 अगस्त 2017 को Common Cause बनाम Union of India तथा Prafulla Samantra मामले में दिए गए फैसले में अवैध खनन के लिए प्रतिकर वसूली का सिद्धांत स्पष्ट किया था. अदालत ने निर्धारित पर्यावरणीय स्वीकृति के बिना या स्वीकृत सीमा से अधिक खनन को अवैध माना था. ऐसे मामलों में MMDR अधिनियम की धारा 21(5) के तहत निकाले और बेचे गए खनिज के मूल्य के बराबर प्रतिकर वसूलने का प्रावधान लागू होता है.
इसी आधार पर झारखंड में खनन कंपनियों और सार्वजनिक उपक्रमों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर मांग तैयार की गई. विभागीय आंकड़ों के अनुसार, शुरुआती समेकित मांग 1,36,042 करोड़ रुपये थी. इसमें भूमि अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े 1,01,142 करोड़ रुपये, Common Cause फैसले के संदर्भ में करीब 32 हजार करोड़ रुपये और धुले कोयले के स्वामित्व से जुड़े 2,900 करोड़ रुपये शामिल थे. बाद के आकलन में कुल दावा बढ़कर करीब 1,48,114.06 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
राजहंस मामले में मांग-पत्र हुए थे निरस्त
वसूली की कार्रवाई को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती मिली. 4 मार्च 2025 को M/s Rajhans Refractories Pvt. Ltd. सहित 26 संबद्ध मामलों में हाईकोर्ट ने जिला खनन पदाधिकारियों की ओर से जारी मांग-पत्र निरस्त कर दिए थे. अदालत के समक्ष यह सवाल था कि क्या संबंधित अधिकारियों को धारा 21(5) के तहत प्रतिकर वसूलने की शक्ति विधिवत प्रत्यायोजित की गई थी.
इसके बाद राज्य सरकार ने 6 मई 2025 को MMDR अधिनियम की धारा 26(2) के तहत नई अधिसूचना जारी की. इसके जरिए निदेशक, अपर निदेशक और क्षेत्राधिकार के अनुसार उप निदेशक, जिला खनन पदाधिकारी तथा सहायक खनन पदाधिकारियों को धारा 21(3), 21(4) और 21(5) के तहत शक्तियां प्रत्यायोजित की गईं. इसके बाद कंपनियों को दोबारा मांग-पत्र जारी किए गए. विभागीय अद्यतन के अनुसार, इस चरण में समेकित मांग करीब 1.40 लाख करोड़ रुपये आंकी गई.
कंपनियों ने पुनरीक्षण प्राधिकारियों के समक्ष उठाए सवाल
नई मांगों को भी संबंधित कंपनियों ने खान मंत्रालय और कोयला मंत्रालय के पुनरीक्षण प्राधिकारियों के समक्ष चुनौती दी है. ऐसे में वसूली की प्रक्रिया अभी कानूनी परीक्षण के दौर से गुजर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 की धारा 9D के संभावित प्रभाव पर भी सवाल उठाया गया है. इसमें कहा गया है कि JMBL सेस जैसे भूमि या खनिज अधिकारों पर लगाए गए कर-उपकर और धारा 21(5) के तहत अवैध खनन के लिए मांगे गए प्रतिकर की प्रकृति अलग हो सकती है. इसलिए धारा 9D का प्रभाव सभी मांगों पर स्वतः लागू मानना उचित नहीं होगा. प्रत्येक मामले का उसकी कानूनी प्रकृति और संबंधित आदेशों के आधार पर परीक्षण जरूरी है.
इस पूरे विवाद का परिणाम झारखंड के लिए महत्वपूर्ण होगा. एक ओर राज्य सरकार बड़े बकाये की वसूली चाहती है, वहीं दूसरी ओर कंपनियां मांगों की वैधानिकता को चुनौती दे रही हैं. अब निगाहें पुनरीक्षण प्राधिकारियों और अदालतों के फैसलों पर टिकी हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

