Search

 
 
 

गढ़वा में दूल्हे को चश्मा पहनाने के विवाद में बाराती की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी फरार

जिले के डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव में बीते दिन सोमवार रात एक विवाह समारोह खूनी संघर्ष में बदल गया. मामूली कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी मुकेश यादव (पिता- धर्मन यादव) के रूप में हुई है.
 

Garhwa: जिले के डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव में बीते दिन सोमवार रात एक विवाह समारोह खूनी संघर्ष में बदल गया. मामूली कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव निवासी मुकेश यादव (पिता- धर्मन यादव) के रूप में हुई है. घटना के बाद दोनों गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

 

नाश्ते के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार सोनडीहा गांव से दीपक यादव की बारात रारो गांव निवासी लक्ष्मण यादव के घर पहुंची थी. जनवासा में नाश्ता करने के बाद बाराती और रिश्तेदार दूल्हे के पास हंसी-मजाक कर रहे थे. इसी दौरान दूल्हे का ममेरा भाई रविंद्र यादव दूल्हे को जबरन चश्मा पहनाने की कोशिश करने लगा. दूल्हे के मना करने पर वहां मौजूद मुकेश यादव ने बीच-बचाव करते हुए रविंद्र को ऐसा करने से रोका. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिसे उस समय लोगों ने शांत करा दिया.

 

अंधेरे में किया जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद जब मुकेश यादव अकेले मिला, तो आरोपी रविंद्र यादव ने उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए डंडई अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर फैलते ही बारात में भगदड़ मच गई और शादी की रस्में प्रभावित हो गईं.

 

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलते ही डंडई और धुरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मंगलवार सुबह शव गांव पहुंचते ही मातम छा गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है. मुख्य आरोपी रविंद्र यादव फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

 

घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और लोग छोटी सी बात पर हुई इस हत्या को लेकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही