Search

सुदेश महतो की मौजूदगी में कई दलों के कार्यकर्ताओं ने थामा दामन

Ranchi: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के समक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों—ग्रेस, झामुमो तथा जेएलकेएम के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत और केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी उपस्थित थे.

 

इस अवसर पर सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि झारखंड में वर्तमान सरकार जनता के साथ छल कर रही है. उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल झामुमो और कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव में अपने-अपने प्रत्याशी उतारे हैं. यदि उन्हें चुनाव में शक्ति परीक्षण ही करना था, तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दलीय आधार पर चुनाव करवाते. उन्होंने आरोप लगाया कि ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव करवाने का निर्णय भी राज्य सरकार की नीयत पर सवाल खड़ा करता है.

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि आजसू पार्टी राजनीतिक नैतिकता का पालन करते हुए किसी भी प्रत्याशी का समर्थन नहीं कर रही है. जिला समितियां अपने स्तर पर निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होंगी.

 

महतो ने कहा कि झामुमो ने पिछले दो चुनावों में निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने का वादा किया था, लेकिन छह वर्षों में राज्य सरकार स्थानीयता तक निर्धारित नहीं कर सकी है. उन्होंने मांग की कि पहले राज्य सरकार स्थानीयता की स्पष्ट परिभाषा तय करें.

 

उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी निरंतर संघर्ष के पथ पर अग्रसर है और राज्य की नीतियों से क्षुब्ध होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन को नई मजबूती मिल रही है. अब समय आ गया है कि सुलझे हुए और जागरूक युवा झारखंड की बागडोर अपने हाथों में लेने को तैयार हों. यह सदस्यता ग्रहण उसी जनविश्वास का एक उदाहरण है.


सुदेश महतो ने यह भी कहा कि संगठन नए सदस्यों की क्षमता और समर्पण को देखते हुए उन्हें उचित दायित्व सौंपेगा, ताकि झारखंड के विकास और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से कार्य किया जा सके.

 

कार्यक्रम में केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार, युवा आजसू प्रदेश संयोजक अब्दुल जब्बार, जिला सचिव कुदरत शेख समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.

 

पार्टी में शामिल प्रमुख नाम


आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में मेसरा अस्पताल के निदेशक जावेद अख्तर, साबिर हुसैन, नूरहसन अंसारी, तबरेज अंसारी, माजिद आलम, राजाउल अंसारी, अफरोज अंसारी, तौसीफ अंसारी, सोनी, मोहम्मद इरशाद, रवि पासवान, शबाबाज खान, महताब, इमरान अंसारी सहित सैकड़ों लोग शामिल थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp