Sports News: पांच मैचों की वनडे सीरीज के चौथे मुकाबले में टीम इंडिया को 52 साल के वनडे इतिहास में अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा. न्यूजीलैंड ने भारत को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेले गए मुकाबले में 244 रन से हरा दिया. 334 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम सिर्फ 89 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
इसे भी पढ़ें:
इस मुकाबले में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 10 विकेट खोकर 333 रन बनाए. जवाब में भारतीय टीम 26.4 ओवर में 89 रन पर ही सिमट गई. न्यूजीलैंड के गेंदबाज मैट हेनरी के सामने रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर ‘आया राम गया राम’ की तरह पहले ही ओवर में शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौट गए.
ऋतुराज गायकवाड़ 5 रन, आकिब नबी 5 रन और कुलदीप यादव 1 रन पर आउट हो गए. इस तरह भारत के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके. भारत के लिए ईशान किशन ने 27 रन, अक्षर पटेल ने 21 रन और नमन धीर ने 21 रनों का योगदान दिया.
हेनरी ने 27 रन देकर 6 विकेट झटके. वहीं, मैथ्यू फिशर ने 31 रन देकर 3 विकेट लिए. हेनरी वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ एक मैच में छह विकेट लेने वाले दूसरे कीवी गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह रिकॉर्ड शेन बॉन्ड के नाम था. उन्होंने साल 2005 में यह कारनामा कर दिखाया था.
न्यूजीलैंड की तरफ से विल यंग ने शतक जड़ते हुए 108 गेंदों पर 125 रनों की दमदार पारी खेली. टिम सीफर्ट ने 48 गेंदों में 58 रन और फिन एलन ने 30 गेंदों में 41 रन बनाए. भारत के लिए गेंदबाजी में अक्षर पटेल, गुरनूर बराड़ और आकिब नबी ने 2-2 विकेट लिए. अर्शदीप और नमन धीर को एक-एक विकेट मिला. हालांकि, सीरीज में टीम इंडिया अब भी 2-1 से आगे है. वनडे सीरीज का पांचवां व निर्णायक मैच 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई में इसी मैदान पर खेला जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

