Ranchi News : गिरिडीह से लोकसभा सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने रांची में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के टिकट दरों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी का विरोध किया है. उन्होंने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव और मानद सचिव सौरभ तिवारी को पत्र लिखकर बढ़े हुए टिकट मूल्य को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें...
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 9 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले के लिए तय किए गए टिकटों के दाम अन्य राज्यों के क्रिकेट संघों की तुलना में काफी अधिक हैं, जो खेल प्रेमियों और जनहित के विरुद्ध हैं. इसके साथ ही उन्होंने बीसीसीआई (BCCI) संविधान 2018 के नियम 37(8) का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि नियमानुसार स्टेडियम की कुल क्षमता का केवल 10 प्रतिशत टिकट ही कॉम्प्लिमेंट्री (मुफ्त) दिया जा सकता है, जबकि शेष 90 प्रतिशत टिकट आम दर्शकों, युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों के लिए उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है.
चौधरी ने जेएससीए प्रबंधन को आगाह किया कि नियमों की किसी भी तरह की अवहेलना और वित्तीय विसंगतियों की पूरी जिम्मेदारी संघ की होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इन नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया गया और टिकट दरें तर्कसंगत नहीं की गईं, तो वह इस मुद्दे को बीसीसीआई और संसद के पटल पर भी उठाएंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

