Jharkhand Education News : राज्य के 25,000 से अधिक छात्रों को झारखंड सरकार मुफ्त में भोजन करायेगी. ये वो छात्र हैं, जो कल्याण विभाग के हॉस्टलों में रहकर पढ़ाई करते हैं. तीन महीने बाद जनवरी से छात्रावासों में भोजन मिलना शुरू होगा. छात्रों को भोजन कराने पर सरकार को हर माह प्रति छात्र 3000 रुपये का खर्च आयेगा. इस राशि को सरकार देगी.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के मुताबिक, झारखंड कल्याण विभाग 540 हॉस्टल का संचालन कर रहा है. इन हॉस्टलों में एससी, एसटी और पिछड़ा वर्ग के छात्र रहते हैं. हॉस्टल में रहते हुए छात्रों के सामने भोजन की बड़ी संकट होती है. अब तक भोजन की व्यवस्था छात्रों को अपने स्तर से ही करनी होती थी. ऐसे में सरकार ने छात्रों को हॉस्टल में ही भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है.
हॉस्टल में ही भोजन की व्यवस्था जिला स्तर पर की जायेगी. जिला स्तर पर ही टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया जायेगा. टेंडर लेने वाले एजेंसी को यह सुनिश्चित करना पड़ेगा कि छात्रों को बेहतर भोजन मिले. इसके लिए प्रति 100 छात्र पर कम से कम तीन कर्मियों को नियुक्त करना होगा, ताकि छात्रों को अच्छा और स्वास्थ्य के अनुकूल भोजन मिल सके.
कल्याण विभाग ने जो योजना तैयार की है, उसके मुताबिक छात्रों को हर दिन सुबह का नाश्ता, दिन का भोजन और रात का भोजन दिये जाने का प्रावधान है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और होनहार छात्रों को रहने के साथ-साथ अच्छी सेहत रहे.

