Lagatar Desk : जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. भारत ने गोल्फ और तीरंदाजी में गोल्ड मेडल जीतने में सफलता हासिल की है. भारतीय गोल्फर प्रणवी शरथ उर्स ने महिलाओं की व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है.
इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में गोल्फ का व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गई हैं. गोल्फ के टीम इवेंट में भी भारत ने पदक जीता है. प्रणवी शरथ उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर की भारतीय तिकड़ी ने सिल्वर मेडल जीता है.
भारतीय गोल्फर प्रणवी शरथ उर्स ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में महिलाओं की व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। pic.twitter.com/SsmzknwtcT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 3, 2026
प्रणवी शरथ उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर की भारतीय तिकड़ी ने जापान के आइची-नागोया में हुए 2026 एशियाई खेलों में महिलाओं की टीम गोल्फ़ इवेंट में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीता। pic.twitter.com/JoA1VMDW6O
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 3, 2026
कुमकुम मोहोद का शानदार प्रदर्शन
भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने भी महिलाओं के व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है. फाइनल मुकाबले में कुमकुम ने दक्षिण कोरिया की तीरंदाज को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. इस जीत के साथ उन्होंने एशियन गेम्स में भारत के लिए इतिहास भी रच दिया.
इसे भी पढ़ें
आर्चरी में भारत के खाते में 5 गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में आर्चरी में भारत का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक इस खेल में 5 स्वर्ण पदक जीते हैं. इनमें 3 गोल्ड कंपाउंड आर्चरी और 2 गोल्ड रिकर्व आर्चरी में आए हैं. रिकर्व वर्ग में भारत के दोनों गोल्ड मेडल में कुमकुम मोहोद की अहम भूमिका रही. व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड जीतने से पहले उन्होंने अंकिता और कीर्ति के साथ मिलकर महिलाओं के रिकर्व टीम इवेंट में भी स्वर्ण पदक जीता था.
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अलग-अलग गेम्स में अब तक 79 मेडल जीते हैं. इसमें 18 गोल्ड, 26 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज शामिल हैं. वहीं भारतीय मेंस क्रिकेट टीम भी गोल्ड मेडल जीतने के लिए जी-जान लगा रही है. अगर मेंस क्रिकेट का गोल्ड मेडल मैच भारत अपने नाम करता है, तो गोल्ड मेडल की संख्या 19 हो जाएगी.

