Ranchi : IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में गठित विशेष जांच समिति ने बोकारो ट्रेजरी घोटाले की जांच पूरी कर ली है. समिति द्वारा जांच रिपोर्ट तैयार करने का काम भी अंतिम चरण में पहुंच गया है. (पढ़ें...बिना चालान खनिजों के इस्तेमाल पर जुर्माने के फैसले से नाराज ठेकेदार अब आंदोलन की राह पर)
प्रधान महालेखाकार (अकाउंट्स) चंद्र मौली सिंह ने सरकार को विभिन्न ट्रेजरी से वेतन मद में हुई फर्जी निकासी की जानकारी दी थी. इसके बाद सरकार ने मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन किया था. IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में गठित इस समिति में सदस्य के रूप में सात लोगों को शामिल किया गया था. इसमें महालेखाकार कार्यालय द्वारा नामित अधिकारी, वित्त विभाग की ज्योति कुमारी झा, कपिल देव पंडित, नरेश झा, उमेश प्रसाद सिन्हा, गौरव कुमार और खिरोद सिंह मुंडा को शामिल किया गया था.
इसे भी पढ़ें
सरकार ने इस उच्च स्तरीय समिति को सात ट्रेजरी से वेतन मद में हुई फर्जी निकासी की जांच का काम सौंपा था. इसमें बोकारो, हजारीबाग, रांची, रामगढ़, खूंटी, देवघर और पूर्वी सिंह ट्रेजरी से हुई निकासी शामिल है. समिति ने जांच के दौरान अब तक बोकारो और हजारीबाग का दौरा किया. साथ ही वहां से निकासी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज लिये. इसके अलावा संबंधित अधिकारियों से निकासी की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ली. समिति ने सात में से बोकारो ट्रेजरी से हुई फर्जी निकासी की जांच पूरी कर ली है. शीघ्र ही सरकार को इससे संबंधित रिपोर्ट पेश किये जाने की उम्मीद है.

