Search

 
 
 

ईरान की घातक मिसाइल फतेह से इजराइल में तबाही, खामेनेई बोले-द बैटल बिगिन्स, ट्रंप ने दी बिना शर्त सरेंडर की चेतावनी

मध्य पूर्व एक बार फिर जंग की आग में जल रहा है. ईरान और इजराइल के बीच छठे दिन में भी भीषण युद्ध जारी है. बुधवार को ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने इजरायल की राजधानी तेल अवीव पर फतेह हाइपरसोनिक मिसाइलों से हमला कर भारी तबाही मचाई. यह ईरान की सबसे घातक मिसाइल है.
 

Lagatar Desk : मध्य पूर्व एक बार फिर जंग की आग में जल रहा है. ईरान और इजराइल के बीच छठे दिन में भी भीषण युद्ध जारी है. बुधवार को ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने इजरायल की राजधानी तेल अवीव पर फतेह हाइपरसोनिक मिसाइलों से हमला कर भारी तबाही मचाई. यह ईरान की सबसे घातक मिसाइल है.  वहीं जवाब में इजरायली वायुसेना ने तेहरान और आसपास के इलाकों में जबरदस्त हवाई हमले किए हैं.  इस भीषण युद्ध में अब तक ईरान के 585 नागरिक मारे जा चुके हैं, जबकि इजराइल में 24 लोगों की मौत हुई है. 

 

तेहरान से तेल अवीव तक आग ही आग

ईरानी सेना के मुताबिक, ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस III  के तहत हाइपरसोनिक फतेह मिसाइलों का इस्तेमाल कर इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम को भेद दिया गया. IRGC का दावा है कि यह हमला इजरायल के सैन्य संतुलन को बदलने की दिशा में एक "टर्निंग प्वाइंट" है. बुधवार को देर रात 12:40 (स्थानीय समय) से ईरान ने मिसाइलों की बौछार शुरू की, जिसमें तेल अवीव, मध्य और दक्षिणी इजराइल को निशाना बनाया गया. इजराइल ने दावा किया कि 30 से अधिक मिसाइलें एक घंटे के भीतर दागी गईं. जवाबी कार्रवाई में इजरायली वायुसेना ने तेहरान के डिस्ट्रिक्ट 18 समेत खोजिर मिसाइल निर्माण केंद्र और करज शहर पर बमबारी की. ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान के कई इलाकों में इंटरनेट सेवा ठप है और राजधानी में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं.

 

 

ट्रंप की सख्त चेतावनी, बिना शर्त आत्मसमर्पण करे ईरान

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस युद्ध में हस्तक्षेप के संकेत देते हुए ईरान से बिना शर्त सरेंडर की मांग की है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट Truth Social पर लिखा कि UNCONDITIONAL SURRENDER. उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को भी चेतावनी देते हुए कहा कि हमें मालूम है खामेनेई कहां छिपा हुआ है, वह फिलहाल सेफ है, लेकिन ज्यादा समय नहीं बचा है. ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका अब संयम की सीमा पर है और अगर अमेरिकी सैनिक या नागरिकों पर हमला हुआ तो जवाब भयंकर होगा.

Uploaded Image

 

फतेह मिसाइल है ईरान का घातक हथियार

ईरान द्वारा दागी गई फतेह हाइपरसोनिक मिसाइल अत्याधुनिक तकनीक से लैस है. इसकी रेंज 1400 किमी है और यह ध्वनि की गति से 5 गुना (मैक 5+) अधिक तेज है. यह मिसाइल रडार और पारंपरिक रक्षा प्रणालियों को चकमा देने में सक्षम है और 200 किलोग्राम तक विस्फोटक ले जा सकती है. ईरान ने इसे जून 2023 में सेना में शामिल किया था और 2024 में पहली बार इजराइल पर इसका इस्तेमाल किया था.

 

अमेरिका की तैयारी, जंग में एंट्री के संकेत

ईरान-इजराइल जंग के बीच अमेरिका ने यूरोप में 30 सैन्य टैंकर विमान भेजे हैं और USS निमित्ज विमानवाहक पोत को मध्य पूर्व रवाना किया गया है. साथ ही, अमेरिका ने यूएई, जॉर्डन और सऊदी अरब के ठिकानों पर तैनात सैनिकों को हाई अलर्ट पर रखा है. अमेरिकी खुफिया सूत्रों के मुताबिक, अगर अमेरिका इस युद्ध में शामिल होता है, तो ईरान मध्य पूर्व में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है. साथ ही, होर्मुज जलडमरूमध्य में खदानें बिछाने की रणनीति भी बनाई गई है.

 

खामेनेई का दो टूक, युद्ध अब शुरू हुआ है

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिका और इजराइल को सीधे चुनौती दी है. उन्होंने ट्वीट किया कि द बैटल बिगिन्स. हमें आतंकवादी जायोनी शासन को कड़ा जवाब देना है. यहूदी नागरिकों के लिए कोई नरमी नहीं होगी. उनके इस बयान के कुछ ही मिनट बाद इजरायल पर मिसाइल हमले शुरू हो गये.

 

क्या तीसरे विश्व युद्ध की आहट है

ईरान और इजराइल की जंग अब क्षेत्रीय युद्ध की सीमा पार कर वैश्विक टकराव की ओर बढ़ रही है. अमेरिका की सैन्य सक्रियता, ट्रंप के तेवर और ईरान की मिसाइल तैनाती ने हालात को विस्फोटक बना दिया है. अगर आने वाले दिनों में कूटनीतिक समाधान नहीं निकला, तो यह संघर्ष पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले सकता है.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही