Lagatar Desk: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर अपने पोस्ट में गृह मंत्री को चाणक्य समझने वाले, झांसेबाजी, डींगें हांकने और खोखली बयानबाजी के माहिर बताया. फिर लिखा कि गृह मंत्री वोट चोरी पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं. वह आज यह बात कह रहे हैं, लेकिन पिछले साल जब विपक्ष ने एसआइआर पर चर्चा की मांग की थी, तो गृह मंत्री ने यह कहकर इंकार कर दिया था कि यह चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र का मामला है.
जयराम रमेश ने आगे लिखा है कि संसद का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 82 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका सत्रावसान नहीं किया गया है. इसकी वजह यह है कि गृह मंत्री अब भी लोकसभा में बहुत ही कलंकित दो-तिहाई बहुमत के दम पर परिसीमन विधेयकों को पारित कराने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें -
इन विधेयकों में क्या है, यह अब तक सामने नहीं आया है, लेकिन इनका मकसद साफ है कि किसी तरह से 2029 में BJP के सामने दिख रही करारी हार से बचाया जाए. जयराम रमेश ने आगे लिखा है कि अगर गृह मंत्री वोट चोरी पर विशेष सत्र बुलाने को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें अपने इशारे पर काम करने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा सुनिश्चित कराना चाहिए. साथ ही उन्हें एसआइआर की प्रक्रिया भी रोकनी चाहिए.
परिसीमन को लेकर अगर उन्होंने कोई प्रस्ताव लाने की योजना बना रखा है तो उन्हें काफी पहले विपक्ष के साथ साझा करने चाहिए. आखिर इन प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने का साहस वे क्यों नहीं दिखा पा रहे हैं?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

