Jamshedpur News : सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर गोल्डन टाउन स्थित साटिन पिंक सैलून के संचालक ने निवेश के नाम पर 2.51 करोड़ की ठगी की है. आरोप है कि सैलून संचालक ने फ्रेंडली लोन, बिजनेस पार्टनरशिप और सैलून में निवेश और भारी मुनाफे देने के नाम पर एक दर्जन से अधिक लोगों से लाखों रुपये लिए.
मामले में बिष्टुपुर ओल्ड सर्किट हाउस एरिया निवासी शुभंकर चटर्जी ने सोनारी थाना में लिखित शिकायत दी है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोल्डन टाउन डुपलेक्स नंबर-19 निवासी पूनम अरोड़ा, उनके पति सन्त्री अरोड़ा और बेटे सक्षम अरोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 316(2), 318(4), 351(3), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. शिकायत मिलने के बाद सोनारी पुलिस ने सैलून पहुंचकर निरीक्षण भी किया और मामले की जांच शुरू की.
इसे भी पढ़ें
शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2024 से मई 2026 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग लोगों को पैसे लगाने के लिए तैयार किया. किसी को फ्रेंडली लोन देने, किसी को बिजनेस पार्टनर बनाने तो किसी को साटिन पिंक सैलून में निवेश करने का प्रस्ताव दिया गया.
आरोप है कि निवेश की गई रकम पूरी तरह सुरक्षित रहने और तय समय के बाद अधिक रकम के साथ वापस मिलने का भरोसा दिलाया गया. इस भरोसे में आकर एक दर्जन से अधिक लोगों ने आरोपियों को अलग-अलग समय पर लाखों रुपये दिए. शिकायत में कुल रकम 2,51,80,000 रुपये बताई गई है.
पीड़ितों ने पुलिस को वहाट्सऐप चैट, पेमेंट रसीद, बैंक ट्रांसफर रिकॉर्ड और ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई है. जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपों की पुष्टि करने के साथ पैसों के लेन-देन की कड़ी जोड़ने में जुटी है.
पुलिस आरोपियों और सैलून से जुड़े बैंक खातों, यूपीआई आईडी और दूसरे लोगों के खातों की भी जांच करेगी. इसके जरिए यह पता लगाया जाएगा कि शिकायत में बताई गई रकम किन-किन खातों में गई और बाद में उसका इस्तेमाल कहां किया गया. पुलिस पूरी रकम का फाइनेंशियल ट्रेल तैयार करेगी.
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच की जाएगी. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपियों ने पीड़ितों से किस तरह संपर्क किया, पैसों के लेन-देन को लेकर क्या बातचीत हुई और रकम लेने के बाद उसका क्या किया गया. इसके साथ ही कथित ठगी की रकम से खरीदी गई चल-अचल संपत्ति की भी जानकारी जुटाई जाएगी.
पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि मामले में केवल पूनम अरोड़ा, सन्त्री अरोड़ा और सक्षम अरोड़ा ही शामिल हैं या रकम जुटाने अथवा उसे दूसरे खातों में भेजने में अन्य लोगों की भी भूमिका रही है. सैलून के निरीक्षण और दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

