- दर्शक बोले- "2000 का टिकट 5000 में ब्लैक हो रहा है"
Ranchi News : रांची के जेएससीए (JSCA) स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज टी20 मुकाबले के टिकट के लिए फैंस का सब्र अब जवाब दे रहा है. टिकट बिक्री के आखिरी दिन स्टेडियम के बाहर धूप में तपते दर्शकों का गुस्सा प्रबंधन की अव्यवस्था पर फूट पड़ा है. बिहार और झारखंड के कोने-कोने से आए फैंस पिछले दो दिनों से टिकट के इंतजार में भूखे-प्यासे बैरिकेडिंग से चिपके हुए हैं, लेकिन टिकट काउंटर की कछुआ चाल ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है.
इसे भी पढ़ें...
टिकट बिक्री की प्रक्रिया बेहद धीमी
बोकारो, हजारीबाग, आरा और जमुई जैसे दूर-दराज इलाकों से आए दर्शक सुबह 3 बजे, 4 बजे और 6 बजे से लाइन में लगे हुए हैं. फैंस का आक्रोश इस बात पर है कि काउंटर पर बैठे कर्मचारी एक टिकट काटने में 15 से 45 मिनट तक का समय लगा रहे हैं. बिना खाए-पिए घंटों लाइन में पिसने के बाद भी दर्शक दो घंटे में महज चार से छः कदम ही आगे खिसक पाए हैं.
खुलेआम कालाबाजारी: '2000 का टिकट 5000 में लो, तुरंत मिलेगा'
दर्शकों ने स्टेडियम के बाहर खुलेआम टिकटों की कालाबाजारी का गंभीर आरोप लगाया है. एक फैन के मुताबिक, ब्लैक में टिकट बेचने वाले करीब 20 लोग वहां घूम रहे हैं, जो 2000 रुपये का टिकट 5000 रुपये में देने की पेशकश कर रहे हैं. फैंस का दावा है कि ब्लैक में मुंह-मांगा पैसा देने पर टिकट तुरंत उपलब्ध कराया जा रहा है. दर्शकों ने यह भी आरोप लगाया कि सुबह जेएससीए प्रबंधन के लोगों ने सरेआम पैसे लेकर बिना लाइन के कई लोगों को आगे से ही एंट्री दिलवा दी.
प्रबंधन पर आरोप: "BCCI का सबसे भ्रष्ट सिस्टम रांची में"
जेएससीए प्रबंधन की व्यवस्था पर सीधा हमला बोलते हुए एक निराश दर्शक ने कहा कि बीसीसीआई का सबसे भ्रष्ट सिस्टम यहीं रांची में है. यह भारत का सबसे अमीर स्टेट बोर्ड है, जहां सिर्फ करोड़पति भरे पड़े हैं". दर्शकों ने तंज कसते हुए कहा कि जब मैच का दिन आएगा तो पार्किंग में सिर्फ फॉर्च्यूनर, रेंज रोवर और बीएमडब्ल्यू जैसी गाड़ियां ही देखने को मिलेंगी, जबकि आम क्रिकेट प्रेमियों के लिए टिकट लेने तक की ढंग की व्यवस्था नहीं है. फैंस का साफ कहना है कि जैसी बदहाली रांची के जेएससीए में है, वैसी मुंबई या कोलकाता जैसे बड़े शहरों के स्टेडियम में कभी देखने को नहीं मिलती.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

