Ranchi News : 9 अक्टूबर को JSCA स्टेडियम में होने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त को पत्र भेजकर विभिन्न जिलों से आने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के लिए समुचित आवास, भोजन, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें...
एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू की ओर से 3 अक्टूबर को जारी पत्र में कहा गया है कि मैच की सुरक्षा व्यवस्था के लिए राज्य के विभिन्न जिलों और वाहिनियों से बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति रांची में की गई है.
5 अक्टूबर से ही विभिन्न जिलों से पुलिस बल रांची में तैनात रहेगा. इतनी बड़ी संख्या में आने वाले पुलिस बल के लिए ठहरने, पेयजल, शौचालय और स्वच्छ भोजन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर जवानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
एसोसिएशन ने कहा है कि यह एक व्यावसायिक आयोजन है. ऐसे में नियम के अनुसार आयोजक संस्था JSCA और जिला प्रशासन के समन्वय से पुलिस बल के लिए जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त की जानी चाहिए. बाहरी जिलों से आने वाले पुलिस बल के ठहरने के लिए उपयुक्त हॉल या भवन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग की गई है.
पत्र में 5 से 9 अक्टूबर तक ड्यूटी अवधि के दौरान पुलिसकर्मियों के लिए समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है. इसके अलावा एसोसिएशन ने व्यावसायिक आयोजन होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल पर होने वाले खर्च का प्रतिधारण शुल्क आयोजन संस्था JSCA से नियमानुसार जमा कराने की कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान नहीं हो.
एसोसिएशन ने पत्र के माध्यम से कहा है कि पुलिस बल की ड्यूटी के साथ उनके लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों को किसी तरह की परेशानी न हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

