Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Jamshedpur Crime News:  रंगदारी नहीं देने पर किराना दुकानदार पर हमला, महिलाओं से बदसलूकी का आरोप

Jamshedpur : शहर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर-4 के पास शनिवार रात रंगदारी को लेकर एक किराना दुकानदार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. आरोप है कि 10 से 15 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने दुकानदार से जबरन पैसों की मांग की. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई.

 

इस दौरान दुकान और आसपास मौजूद महिलाओं के साथ भी बदसलूकी और छेड़खानी करने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

 

पीड़ित दुकानदार विशाल कुमार ने बताया कि शिवम ठाकुर, आशीष और सुजीत अपने कई साथियों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचे थे. आरोप है कि सभी ने रंगदारी की मांग की. जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और मारपीट शुरू कर दी. विशाल का कहना है कि हमलावरों के पास अवैध हथियार, चाकू और छुरे भी थे, जिनके बल पर उन्हें डराने की कोशिश की गई.

 

घटना के दौरान दुकान में मौजूद एक महिला के साथ भी आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया. वहीं, शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं स्थानीय महिलाओं ने भी बदमाशों पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है. पीड़ित के अनुसार, जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो उनका भी वही हाल किया जाएगा, जैसा शहर में चर्चित डीडी बार चापड़ कांड में हुआ था.

 

हमले और हंगामे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों को अपनी ओर आता देख सभी आरोपी घबरा गए और एक मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर पैदल ही फरार हो गए.

 

घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से छोड़ी गई बाइक को जब्त कर लिया. पुलिस ने पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं. नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही