Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड स्थित धीरोल पंचायत के बांगो टोला नूतनडीह में जमीन से जुड़ा मामला अब जांच के घेरे में आ गया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जमशेदपुर के एक अधिकारी की चिकित्सक पत्नी के नाम निजी जमीन की खरीद के दौरान आसपास की तीन एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को भी निजी जमीन बताकर कब्जाने और घेराबंदी करने की कोशिश की गई.
इसे भी पढ़ें:
ग्रामीणों के मुताबिक, बांगो गांव के कुछ लोगों ने अपनी निजी जमीन अधिकारी की डॉक्टर पत्नी को बेची थी. आरोप है कि इसी जमीन के आसपास मौजूद सरकारी भूमि को भी निजी भूखंड का हिस्सा बताकर घेराबंदी की जा रही थी. मामले की शिकायत मिलने के बाद अंचल प्रशासन हरकत में आया है.
मंगलवार को अंचलाधिकारी निकिता बाला के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और जमीन का स्थल निरीक्षण करते हुए मापी शुरू कराई. अधिकारियों की ओर से जमीन के दस्तावेज और मौके की वास्तविक स्थिति का मिलान किया जा रहा है.
ग्रामीणों ने पूरे मामले में बड़े स्तर पर जमीन की हेराफेरी की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. हालांकि, अधिकारी की पत्नी के नाम खरीदी गई जमीन और सरकारी भूमि पर कब्जे के आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
अंचलाधिकारी ने कहा है कि यदि जांच के दौरान सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही जमीन की खरीद-बिक्री और घेराबंदी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

