Jamshedpur News : जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र के बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर के पास सोमवार को ऑटो चालकों व एक कार सवार के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और सड़क पर काफी देर तक हंगामा होता रहा. घटना में तीन से चार लोगों के घायल होने की सूचना है. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
इसे भी पढ़ें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर अचानक दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ. इसके बाद मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
घटना को लेकर दोनों पक्षों की अलग-अलग बातें सामने आई हैं. कार सवार का कहना है कि दो ऑटो के बीच टक्कर हुई थी, जिससे एक ऑटो पलट गया. इसी दौरान दूसरा ऑटो उसकी कार पर आ गिरा. इसके बाद ऑटो चालकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. वहीं, ऑटो चालकों का आरोप है कि ऑटो पलटने के बाद कार सवार ने उनसे विवाद शुरू किया और मारपीट की.
घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं. हालांकि घायलों की पहचान और वे ऑटो चालक थे या यात्री, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

