Jamshedpur News : जमशेदपुर के भाजपा नेता निर्भय सिंह का शुक्रवार दोपहर टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया. वे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह के भाई थे. उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर है.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, निर्भय सिंह की शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे. अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें दिल का दौरा पड़ने की पुष्टि की. इसके बाद उन्हें कैथ लैब में भर्ती कराया गया, जहां वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में इलाज शुरू किया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ. दोपहर करीब 2 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
निर्भय सिंह जमशेदपुर के साकची स्थित काशीडीह के रहने वाले थे. भाजपा से जुड़कर वे राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे. इसके अलावा वे कई सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे. उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है.

