Jamshedpur News : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के क्रॉस रोड नंबर-20 में मंगलवार को चोरों ने दिनदहाड़े टाटा स्टील कर्मी के क्वार्टर को निशाना बनाया. चोर क्वार्टर संख्या एल-4/11 में घुसकर दो अलमारियों के ताले तोड़कर करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. क्वार्टर टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास का है. उनकी पत्नी अंबिका दास पास के रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षिका हैं. मंगलवार को सुब्रतो दास ड्यूटी पर गए थे, जबकि उनकी पत्नी स्कूल में थीं. इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया.
दोपहर करीब 12:45 बजे सुब्रतो दास ड्यूटी से घर लौटे. क्वार्टर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि अंदर का दरवाजा खुला हुआ था और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद उन्होंने घर की जांच की तो पता चला कि दो अलमारियों के ताले टूटे हुए हैं.
अलमारी खोलकर देखने पर उसमें रखे 30 हजार रुपये नकद और करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले. चोरी का पता चलते ही परिवार ने सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्वार्टर का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है.
शुरुआती जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. फुटेज में संदिग्ध क्वार्टर के पीछे की तरफ से घर में प्रवेश करता और कुछ देर बाद बाहर निकलता दिखाई दे रहा है.
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है. साथ ही चोरी गए जेवरात और नकदी की पूरी सूची तैयार की जा रही है. दिनदहाड़े हुई इस चोरी के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्ध की पहचान के बाद उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.

