Search

 
 
 

Jamshedpur News : LBSM कॉलेज में परीक्षा देने पहुंची छात्रा करंट की चपेट में,  हालत गंभीर

परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा करंट की चपेट में आकर घायल हो गई.
 

Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शनिवार को परीक्षा देने पहुंची एक छात्रा करंट की चपेट में आकर घायल हो गई. हादसे के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घायल छात्रा की पहचान सुंदरनगर के नानदूप निवासी रायगुनी बोयपाई के रूप में हुई है. वह मेजर पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा देने कॉलेज पहुंची थी. घटना के बाद उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.

 

बारिश के बाद जलजमाव के बीच लगा करंट

छात्रा के अनुसार, शनिवार को बारिश के कारण कॉलेज परिसर में जगह-जगह पानी जमा था. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए निर्धारित गेट बंद होने के कारण वह दूसरे रास्ते से आगे बढ़ रही थी. इसी दौरान पानी से होकर गुजरते वक्त अचानक उसे तेज बिजली का झटका लगा और वह जमीन पर गिर पड़ी. आसपास मौजूद लोगों और छात्रों ने किसी तरह उसे संभाला.

 

रायगुनी ने बताया कि उसे पहले भी कॉलेज परिसर में करंट लगने की घटना की जानकारी थी. हालांकि, जिस स्थान से वह गुजर रही थी, वहां विद्युत प्रवाह होने का उसे अंदाजा नहीं था. पानी में करंट उतरने की घटना सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

Uploaded Image

पहले भी करंट लगने की घटना का आरोप


घटना को लेकर कॉलेज के छात्रों और छात्र नेताओं में काफी आक्रोश है. छात्र नेताओं का आरोप है कि इससे पहले भी एक छात्रा कॉलेज परिसर में करंट की चपेट में आ चुकी है. इसके बावजूद जलजमाव और विद्युत व्यवस्था को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए.

 

छात्रों का कहना है कि बारिश के दौरान परिसर में पानी जमा होने से पहले से ही दुर्घटना का खतरा बना रहता है. ऐसे में विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है.

 

कॉलेज प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग


छात्र नेताओं ने पूरे परिसर की विद्युत व्यवस्था की तत्काल जांच कराने, खुले या क्षतिग्रस्त विद्युत तारों को दुरुस्त करने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. उनका कहना है कि परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी है.

 

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज प्रशासन ने जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो सोमवार से कॉलेज बंद कराने का आंदोलन शुरू किया जाएगा. छात्रों ने भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें 

 

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही