Search

 
 
 

Jamshedpur News : MGM में देर रात चला जांच अभियान, बिना अटेंडेंस ड्यूटी करते मिले एक दर्जन से अधिक कर्मचारी

डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में कर्मचारियों की उपस्थिति और ड्यूटी व्यवस्था को लेकर प्रबंधन ने सख्ती शुरू कर दी है.
 

Jamshedpur : डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में कर्मचारियों की उपस्थिति और ड्यूटी व्यवस्था को लेकर प्रबंधन ने सख्ती शुरू कर दी है. इसी कड़ी में शुक्रवार देर रात अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में अचानक जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान एक दर्जन से अधिक कर्मचारी ऐसे मिले, जिन्होंने ड्यूटी पर मौजूद होने के बावजूद अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई थी.

 

सातवीं मंजिल से ग्राउंड फ्लोर तक हुई जांच


अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा के निर्देश पर हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. अधिकारियों ने अस्पताल की सातवीं मंजिल से जांच शुरू की और ग्राउंड फ्लोर तक विभिन्न वार्डों और विभागों का जायजा लिया. 

 

जांच के दौरान कई कर्मचारी बिना अटेंडेंस बनाए अपने कार्यस्थल पर मौजूद पाए गए. प्रबंधन ने इसे ड्यूटी व्यवस्था से जुड़ी गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और आगे से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की हिदायत दी.

 

अब बिना हाजिरी ड्यूटी करने पर होगी कार्रवाई


अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि पहली बार इस तरह की लापरवाही सामने आने के कारण संबंधित कर्मचारियों को फिलहाल चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है. लेकिन शनिवार से व्यवस्था में सख्ती लागू होगी. निर्देश के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान अटेंडेंस दर्ज नहीं कराने वाले कर्मचारी को अनुपस्थित माना जाएगा. ऐसे कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है.

 

मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर भी निर्देश


औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी ज्वाइन करने और अस्पताल की निर्धारित कार्यप्रणाली का पालन करने को कहा. साथ ही मरीजों और उनके परिजनों से सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आगे भी अचानक निरीक्षण किए जाएंगे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें 

 

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही