Search

 
 
 

Jamshedpur News : MGM का ब्लड बैंक हुआ हाईटेक, 40 लाख की नई मशीन से मिनटों में होगी खून की जांच

एमजीएम अस्पताल के ब्लड बैंक में करीब 40 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑटोमेटेड ईएलआईएसए (ELISA) मशीन उपलब्ध कराई गई है. नई मशीन से एक साथ करीब 190 रक्त नमूनों की जांच कम समय में की जा सकेगी.
 
एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर.

Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के ब्लड बैंक में करीब 40 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑटोमेटेड ईएलआईएसए (ELISA) मशीन उपलब्ध कराई गई है. यह मशीन मंगलवार को अस्पताल पहुंची. इसके शुरू होने के बाद खून की जांच पहले की तुलना में अधिक तेज, सटीक और सुरक्षित तरीके से की जा सकेगी.

 

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, नई मशीन से एक साथ करीब 190 रक्त नमूनों की जांच कम समय में की जा सकेगी. अभी तक ब्लड बैंक में सेमी-ऑटोमेटिक मशीन से जांच की जाती थी. नई तकनीक के आने से जांच क्षमता और कार्यकुशलता दोनों में बढ़ोतरी होगी.

 

इस मशीन के जरिए खून में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, मलेरिया व सिफिलिस जैसी गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग की जाएगी. किसी भी मरीज को खून चढ़ाने से पहले इन संक्रमणों की जांच अनिवार्य होती है, ताकि सुरक्षित खून उपलब्ध कराया जा सके.

 

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मशीन स्थापित करने के साथ ब्लड बैंक के कर्मचारियों को इसके संचालन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अगले कुछ दिनों में मशीन को नियमित उपयोग में लाया जाएगा. इसका लाभ केवल जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा ब्लड बैंक को भी मिलेगा, जहां से जांच के लिए रक्त के नमूने एमजीएम भेजे जाते हैं.

 

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस नई ईएलआईएसए मशीन से रक्त जांच की गुणवत्ता और विश्वसनीयता में सुधार होगा. साथ ही ब्लड बैंक की जांच क्षमता बढ़ने से क्षेत्र के हजारों मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही