Search

 
 
 

Jamshedpur News : राजस्थान से अरेस्ट DD बार संचालक नीरज सिंह की अग्रिम जमानत पर अब नहीं होगी सुनवाई

हिमांशु सिंह हत्याकांड में नामजद आरोपी और डीडी बार संचालक नीरज सिंह को जमशेदपुर पुलिस ने राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद से जमशेदपुर पुलिस की कई टीमें नीरज सिंह की तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही थीं. लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था.
 
  • नीरज सिंह को वापस लेनी होगी अग्रिम जमानत याचिका
  • इसके बाद नियमित जमानत के लिए कर सकेंगेअदालत में आवेदन
  • मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की तलाश अब भी जारी

Jamshedpur :  हिमांशु सिंह हत्याकांड में नामजद आरोपी और डीडी बार संचालक नीरज सिंह को जमशेदपुर पुलिस ने राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद से जमशेदपुर पुलिस की कई टीमें नीरज सिंह की तलाश में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही थीं. लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था.

 

इसी दौरान मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी जांच की मदद से उसका लोकेशन राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर क्षेत्र के आसपास मिला. इसके बाद राजस्थान पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल नीरज सिंह से सीकर में पूछताछ की जा रही है. इसके बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा.

 

अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद जमशेदपुर पुलिस उसे शहर लेकर आएगी. यहां उससे घटना की पूरी साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका, फरारी के दौरान संपर्क में रहे लोगों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के बारे में विस्तृत पूछताछ की जाएगी. 

 

 

नीरज सिंह की गिरफ्तारी के साथ ही उनकी अग्रिम जमानत याचिका की कानूनी स्थिति भी बदल गई है. सोमवार को जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में इस याचिका पर सुनवाई होनी थी, लेकिन गिरफ्तारी के बाद अग्रिम जमानत की याचिका स्वतः अप्रासंगिक हो गई है. कानूनी जानकारों के अनुसार, उन्हें पहले अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस लेनी होगी, जिसके बाद वे नियमित जमानत के लिए अदालत में आवेदन कर सकते हैं.

 

वहीं, नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह की ओर से दायर दो अलग-अलग याचिकाएं अभी भी अदालत में लंबित हैं. इनमें पुलिस द्वारा जब्त की गई दो कारों को रिलीज करने और बिना सर्च वारंट घर पर छापेमारी किए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग की गई है.

 

दूसरी तरफ नीरज सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक डेटा और अन्य आरोपियों के बयानों का मिलान करेगी. जांच के दौरान यह भी साफ होने की उम्मीद है कि वारदात में नीरज सिंह की भूमिका क्या थी, घटना के बाद आरोपी किन लोगों के संपर्क में थे और फरारी के दौरान उन्हें किसने मदद पहुंचाई.

 

उधर, मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की तलाश अभी भी जारी है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. सूत्रों का दावा है कि पुलिस उसके काफी करीब पहुंच चुकी है, हालांकि अधिकारियों की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

 

गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह और प्रत्युष आनंद पर चापड़ और चाकू से हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की 29 जून को इलाज के दौरान मौत हो गई.

 

जबकि प्रत्युष आनंद का इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है. इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया है. नीरज सिंह का नाम भी आरोपियों में शामिल है.  इससे पहले पुलिस उसके मैनेजर को भी गिरफ्तार कर चुकी है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही