Jamshedpur News : जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन के खासमहल रोड पर रेलवे ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाया. रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आजसू पार्टी के कार्यालय को सील कर दिया. हंगामे की आशंका को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया था.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे ने जून महीने में खासमहल रोड स्थित आजसू और भाजपा के कार्यालयों को नोटिस जारी किया था. दोनों कार्यालयों को हटाने के लिए 18 जुलाई की तारीख तय की गई थी. हालांकि, उस समय किसी कारण से कार्रवाई नहीं हो सकी थी. अब रेलवे ने आजसू कार्यालय को सील कर दिया है.
रेलवे की इस कार्रवाई को जमीन से जुड़े मामले और अतिक्रमण के संदर्भ में देखा जा रहा है. हालांकि, कार्यालय को सील करने के पीछे के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर रेलवे की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
आजसू कार्यालय सील होने के बाद अब भाजपा कार्यालय को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. जून में दोनों कार्यालयों को नोटिस जारी किया गया था. अब यह देखना है कि रेलवे भाजपा कार्यालय के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई करता है या नहीं. फिलहाल, रेलवे की कार्रवाई के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है और सबकी निगाहें रेलवे के अगले कदम पर टिकी हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

