- खुसरूपुर में बनेगा नया कैंपस
Jamshedpur News : विधायक सरयू राय को IIBM और जाकिर हुसैन शिक्षण संस्थान समूह का मुख्य संरक्षक बनाया गया है. संस्थान के निदेशक डॉ. रोहित सिंह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था. संस्थान के मंडल के सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को मंजूरी दी.
पटना के ज्ञान भवन में संस्थान का 48वां वार्षिक समारोह आयोजित किया गया. इसमें संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षाविद और मंडल के सदस्य शामिल हुए. सरयू राय ने पटना साइंस कॉलेज से भौतिकी में एमएससी की पढ़ाई की है.
समारोह से पहले हुई बैठक में पटना के खुसरूपुर में एक नया एकीकृत शैक्षणिक परिसर बनाने का फैसला लिया गया. इस परिसर में विद्यार्थियों को अलग-अलग व्यावसायिक और रोजगार से जुड़े कोर्स की पढ़ाई का मौका मिलेगा.
बैठक में संस्थान के विस्तार और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर भी चर्चा हुई. विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देने के बजाय उन्हें व्यावहारिक कौशल और रोजगार के लिए जरूरी प्रशिक्षण देने पर जोर दिया गया.
संस्थान की ओर से पैरामेडिकल विज्ञान के नए पाठ्यक्रम शुरू करने का भी फैसला लिया गया है. इसके अलावा कौशल विकास, नवाचार और रोजगार से जुड़े नए कोर्स भी शुरू किए जाएंगे. इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को बदलते रोजगार बाजार और उद्योग की जरूरतों के लिए तैयार करना है.
बैठक में कहा गया कि संस्थान का आगे का विकास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगारपरक प्रशिक्षण, कौशल विकास और नवाचार पर केंद्रित रहेगा.संस्थान के महानिदेशक प्रो. रोहित सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, पूर्व प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों और अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों के जुड़ने से संस्थान को आगे की योजनाओं में बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा. उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक परिसर और नए पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे.

