Search

 
 
 

Jharkhand Weather : राज्य भर में बारिश, 11 जिलों में अलर्ट, देखें Live रिपोर्ट्स

Chaibasa News: मनोहरपुर के कोईली नाला में बही तीसरी महिला का शव बरामद

सांकेतिक तस्वीर

Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटा नागरा थाना क्षेत्र स्थित बहदा गांव के कोईली नाला में बीते रविवार शाम 6 बजे बहे तीन लोगों में से तीसरी महिला का शव मंगलवार देर शाम बरामद हुआ. मृतका की पहचान सुनीता सिद्धू के रूप में हुई है. उसका शव तितलीघाट के पास पत्थरों और झाड़ियों के बीच फंसा मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.


यह हादसा रविवार शाम 6 बजे नाला पार करने के दौरान तेज बहाव के कारण हुआ था. इसमें गांव के मुंडा रोया सिद्धू के पिता बासेन सिद्धू, माता प्यारी सिद्धू और सुनीता सिद्धू बह गए थे. बासेन और प्यारी सिद्धू के शव पुलिस ने पहले ही बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए थे, जिनका मंगलवार दोपहर अंतिम संस्कार कर दिया गया. 

Chaibasa News: सोनुवा में बारिश के चलते गिरे घर, पीड़ितों से मिले भाजपा नेता

पीड़ितों से हाल जानने पहुंचे भाजपा नेता

Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की सोनुवा प्रखंड के बालजोड़ी पंचायत नुवागांव में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण छह घर ढह गए. घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार शाम भाजपा जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक गुरुचरण नायक नुवागांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की.


गुरुचरण नायक ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई परिवारों के घर क्षतिग्रस्त होने से उनकी स्थिति चिंताजनक है. वे इस मामले को प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष रखेंगे और सरकारी स्तर पर उचित सहायता दिलाने के लिए आवश्यक पहल करेंगे.

Bokaro News : तेनुघाट डैम का जलस्तर 850 फीट के पार, 8 रेडियल गेट खोले गये

तेनुघाट डैम के फाटक खोले गए.

Bokaro News : बोकारो जिले में लगातार हो रही बारिश से तेनुघाट डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. तेनुघाट बांध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार की सुबह 6 बजे डैम का जलस्तर 850.35 फीट यानी 259.19 मीटर दर्ज किया गया. रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में क्षेत्र में 139.20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी. इस दौरान डैम में कुल जल संचयन 42350 हेक्टेयर मीटर व जीवित जल संचयन 26145 हेक्टेयर मीटर दर्ज किया गया.
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डैम के आठ रेडियल गेट व एक अंडर स्लूज गेट खोल दिए गए. डैम के जलस्तर और पानी के इनफ्लो-आउटफ्लो पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

Saraikela News: आदित्यपुर में खरकई नदी खतरे के निशान के पार, गंजिया बैराज के खुले सभी गेट, अलर्ट जारी

Saraikela News: खरकई नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आदित्यपुर और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. बाढ़ नियंत्रण कक्ष के शिफ्ट इंचार्ज की रिपोर्ट के अनुसार, आदित्यपुर ब्रिज के पास खरकई नदी का जलस्तर 133.30 मीटर दर्ज किया गया है. यहां खतरे का निशान 129.00 मीटर है. इस तरह नदी खतरे के निशान से 4.30 मीटर ऊपर बह रही है. 

गंजिया बैराज में भी पानी बढ़ रहा है. बैराज का मौजूदा जलस्तर 138.50 मीटर है, जबकि इसका FRL 143.70 मीटर है. बढ़ते जलस्तर के बीच बैराज के सभी 15 गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं. यहां से 4931.27 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है. खरकई नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है. प्रशासन ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

पलामू में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, नदियों का बढ़ा जलस्तर

नदियों का बढ़ा जलस्तर

Palamu News: पलामू में पिछले दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. जिला मुख्यालय मेदिनीनगर समेत जिले के कई इलाकों में निचले क्षेत्रों में पानी जमा हो गया है. लगातार बारिश के कारण कोयल और सोन नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हो रही है. मेदिनीनगर के हमीदगंज, पहाड़ी मोहल्ला, चनवारी, सिंगरा समेत कोयल नदी तट से सटे इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोग परेशान हैं. शहर में कोयल नदी के तट पर स्थित रिवर फ्रंट पर बड़ी संख्या में लोग बढ़े जलस्तर का आनंद लेने पहुंच गए. 

Jamshedpur News : मूसलाधार बारिश से उफनाया नाला, बहरागोड़ा-चित्रेश्वर मुख्य मार्ग ठप

तेज उफान पर नाला.

Baharagora News : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त है. बहरागोड़ा-चित्रेश्वर मुख्य मार्ग पर चदंनासोल के समीप स्थित नाला उफान पर है. नाले पर बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है. तेज बहाव के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है. इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है.चित्रेश्वर व रांगुनिया होकर बहरागोड़ा बाजार आने-जाने वाले लोगों को खंडामौदा होकर जाना पड़ रहा है.

Giridih News: सिहोडीह पटेल नगर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, घरों में घुसा कमरभर गंदा पानी

घर में घुसा पानी

Giridih News: गिरिडीह के नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित सिहोडीह पटेल नगर में जलजमाव की समस्या इन दिनों गंभीर रूप ले चुकी है. लगातार जलजमाव और नाली के पानी की निकासी नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों का अपने ही घरों में रहना मुश्किल हो गया है.


स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले से ही सड़क पर नाली का बदबूदार पानी बह रहा था, लेकिन अब स्थिति और भयावह हो गई है. नाली का गंदा पानी घरों के अंदर तक कमर भर जमा हो गया है. इससे लोगों को घर से बाहर निकलने के साथ-साथ घर के अंदर रहने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.


स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें अपने घरों को छोड़कर दूसरी जगह जाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है.

Ranchi News: स्टेशन रोड में जमा घुटनाभर पानी, लोगों का चलना हुआ मुहाल

स्टेशन रोड की तस्वीर

Ranchi News: राजधानी में कभी तेज और हल्की बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है. रांची के अलग-अलग इलाकों में सकड़ से लेकर गलियों तक में पानी भर गया है. रांची रेलवे स्टेशन रोड पर जल जमाव हो गया है. पैदल राहगीरों को चलने में साथ ही स्टेशन जाने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

Uploaded Image

रांची रेलवे स्टेशन रोड में भरे पानी की तस्वीर 

जल जमाव से ई रिक्शा और आटो चालकों को भी दिक्कत हो रही है. इसके अलावा सड़क मार्ग में पानी जमने की वजह से यात्रियों के कपड़े भी गंदे हो जा रहे हैं, आने-जाने वाले वाहन से गंदे पानी का छींटा पड़ने से कपड़े गंदे हो जा रहे हैं. चूंकि इस मार्ग पर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ नहीं बनाए गये हैं.

Uploaded Image

स्टेशन रोड में पैदल चलना हुआ मुश्किल


वहीं स्टेशन रोड के किनारे लगाए गए दुकानदारों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. इस रोड पर नाली का पानी जम गया है, दर्जनों दुकानदारों के सामने रोजी रोजगार का संकट मंडरा रहा है. ऐसे में ग्राहक दुकान नहीं पहुंचते हैं. बनाया हुआ खाना बच जाता है. दुकानदारों ने बताया कि इस रोड पर बारिश में घुटनाभर पानी जमा रहता है, जिससे इस स्थिती में ही दुकान चलाना पड़ता है.

Uploaded Image

सिरमटोली में हुआ जलजमाव

दूसरी तरफ तेज बारिश की वजह से सिरमटोली चौक के सामने जर्जर सड़क और जलजमाव के कारण लोग परेशान हो रहे हैं. रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को हिचकोले खाना पड़ता है. ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाए गए रेड कलर का खंभा भी टूटकर सड़क पर बिखर गया है. इस रोड में हल्की बारिश में भी जलजमाव हो जाता है. जिससे नगर निगम की मॉनसून के तैयारी की पोल खोल दी है.

Latehar News : मनिका विधायक ने बारिश से हुई क्षति का आकलन करने का दिया निर्देश

बारिश से घर ढहा

Latehar News : मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह ने बरवाडीह प्रखंड प्रशासन को बारिश में हुई क्षति का आकलन करने व आवश्‍यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उन्‍होंने कहा कि विगत कई दिनों से प्रखंड मुख्‍यालय समेंत ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं.

 

नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है. क्षेत्र में कई लोगों के घर क्षतिग्रस्‍त हो गए हैं. ऐसे में लोगों को अविलंब राहत पहुंचाना आवश्‍यक है. वहीं मंगलवार को विधायक के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू और विजय बहादुर सिंह ने क्षेत्र का दौरा किया और पीड़ित परिवारो से मुलाकात की. उन्‍होंने उनके नुकसान का आकलन किया.

 

विधायक प्रतिनिधि ने कहा कि विधायक रामचंद्र सिंह ने प्रशासन को इस बारिश में हुए क्षति का आकलन कर प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने व अन्‍य कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उन्‍होंने कहा कि बारिश के कारण किसानों का फसल भी बरबाद हो गया है. ऐसे में प्रशासन को संवेदनशील हो कर काम करने की दरकार है.

 

विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि लगातार बारिश से  प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में घरों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

Giridih News : सिहोडीह पटेल नगर में घरों में घुसा नाली का पानी, सड़कें जलमग्न, लोगों का जीना मुहाल

घरों में घुसा नाली का पानी

Giridih News :  जिले में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है. नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 सिहोडीह पटेल नगर में सड़कें जलमग्न हो गई हैं. वहीं जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नाली का पानी घरों में भी घुस गया है.

Uploaded Image

नाली का पानी घरों में घुसा 

घरों में पानी घुसने से लोगों का जवजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. जबकि सड़क पर पानी जमने से राहगीरों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. खासकर स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को जलजमाव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है.

Uploaded Image

सड़कों पर भी जमा पानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव और नाली की समस्या लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है. गंदे पानी के कारण इलाके में दुर्गंध और बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है. लोगों ने नगर निगम से तत्काल नाली की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है.

Uploaded Image

सड़कों पर जलजमाव होने से राहगीर परेशान

Uploaded Image

ऑटो-टोटो वालों को हो रही परेशानी

Uploaded Image

सड़क पर तेजी से बह रहा पानी

Jamshedpur News : खरकई और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पार

बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ा

Jamshedpur News  : शहर में लगातार हो रही बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने के कारण जमशेदपुर की दो प्रमुख नदियों खरकई और स्वर्णरेखा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. बाढ़ नियंत्रण कोषांग की सुबह 8 बजे की रिपोर्ट के अनुसार, खरकई नदी खतरे के निशान से 2.52 मीटर ऊपर बह रही है. जबकि स्वर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान को पार कर चुकी है. चांडिल डैम और गालूडीह बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण तटीय और निचले इलाकों में जलजमाव व बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

बारिश

Ranchi News :  झारखंड के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में 1 सितंबर को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए सात जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.

Ranchi News :  राजधानी समेत झारखंड के कई जिलों में सुबह से बारिश हो रही है. 6 सितंबर तक लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है. सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि चार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पूरे राज्य में कहीं-कहीं गरज और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है.

 

7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 1 सितंबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए सात जिलों गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.

 

रांची समेत 4 जिलों में येलो अलर्ट

1 सितंबर को रांची समेत चार जिलों में भारी बारिश की संभावना है. आईएमडी ने रांची, खूंटी, चतरा और  सरायकेला-खरसावां में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी है.

 

पूरे राज्य में वज्रपात का खतरा

1 सितंबर को पूरे झारखंड में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इसे लेकर पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है.

 

2 सितंबर को भी बारिश से राहत नहीं

2 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी. गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दिन भी पूरे राज्य में कहीं-कहीं गरज और वज्रपात हो सकता है. तेज हवाओं की भी संभावना है. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.

 

3 सितंबर को भी येलो अलर्ट

3 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दिन भी कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 4 से 6 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधि में कुछ कमी आने का अनुमान है. इस दौरान राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कुछ या कहीं-कहीं स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है.

 

शुरुआती दो दिनों में गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, शुरुआती दो दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. राजधानी रांची में 1 सितंबर को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

 

अलर्ट वाले जिलों में लोगों को सावधानी की सलाह

ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले इलाकों में लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है. भारी बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है. मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहना बेहतर होगा.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही