Search

 
 
 

Jamshedpur News : दुर्गापूजा में मनचलों पर शक्ति कमांडोज की रहेगी नजर, 6 रूटों पर संभालेंगी कमान

Jamshedpur News: एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब की पहल पर शक्ति कमांडो टीम को सक्रिय किया गया है. साकची महिला थाना प्रभारी रूपा पाल के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों को शहर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
 
शक्ति कमांडोज की टीम.

Jamshedpur News : दुर्गापूजा पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने विशेष तैयारी की है. पूजा पंडालों, मेला स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर मनचलों और हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों पर शक्ति कमांडो की विशेष नजर रहेगी. ये कमांडो महिलाओं से छेड़खानी, दुर्व्यवहार व सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वालों पर कार्रवाई करेंगी.

 

इसे भी पढ़ें


पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब की पहल पर शक्ति कमांडो टीम को सक्रिय किया गया है. साकची महिला थाना प्रभारी रूपा पाल के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों को शहर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है. आधुनिक हथियारों व इलेक्ट्रिक डंडों से लैस ये टीम दुर्गापूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखेगी. ताकि महिला श्रद्धालु बिना किसी डर के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें और मेले का आनंद उठा सकें.


महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शक्ति कमांडो टीम को शहर के छह प्रमुख रूटों पर विशेष जिम्मेदारी दी गई है. इनमें सीतारामडेरा-सिदगोड़ा, मानगो-आजादनगर-उलीडीह, टेल्को-बिरसानगर-गोविंदपुर, गोलमुरी-बर्मामाइंस, साकची-बिष्टुपुर और सोनारी-कदमा क्षेत्र शामिल हैं. इन इलाकों में महिला पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी. ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके.


साकची महिला थाना प्रभारी रूपा पाल के नेतृत्व वाली शक्ति कमांडो टीम में मनकुमारी उरांव, गुड़िया उरांव, परवीन अख्तर, नूतन मंजू मिंज, सरिता मार्डी, राधा रानी महतो, सुमित्रा कुंवर गंझू और जमुना कुमारी मुर्मू शामिल हैं. पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान महिलाओं और युवतियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कराना है.
 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही