Jamshedpur News : जमशेदपुर के बागबेड़ा लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डन ज्वेलरी में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए चांदी के गहने, वजन करने वाली दो मशीनें और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की रात करीब चोरों ने बंद ज्वेलरी दुकान के शटर का ताला तोड़ कर घटना को अंजाम दिया था. दुकान से 5 से 6 लाख रुपये के चांदी के गहने और वजन करने वाली दो मशीनें चोरी कर ली थी. एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों की निशानदेही पर करीब 1.5 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं. इनमें चांदी की लॉकेट, अंगूठियां, मंगलसूत्र, पायल, चेन, राखी, सिक्के, बाजूबंद, कान के टॉप्स, मूर्तियां व अन्य सामान शामिल हैं. इसके अलावा दो वजन मशीन, एक मोबाइल फोन, बड़ा बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल भी बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, बरामद औजारों का इस्तेमाल चोरी की घटना में किया गया था.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट और श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो ओम के रूप में हुई है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है. पुलिस की टीम में डीएसपी सुमित कुमार, बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर, जेवियर होरो, अरुण कुमार, सुनील कुमार यादव, संदीप कुमार साह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

