Jamshedpur News : एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित दो माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई. आदित्यपुर निवासी आशुतोष कुमार की बेटी रिथि राय ने सोमवार देर शाम अंतिम सांस ली. मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर को बच्ची की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे मानगो स्थित एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग लेकर पहुंचे थे. यहां करीब दो घंटे तक उसका इलाज कराया गया. इसके बाद परिजन बच्ची को लेकर घर लौट गए.
अगले दिन यानी 26 अक्टूबर को बच्ची की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई. इसके बाद परिजन उसे दोबारा एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल उसे भर्ती कर लिया और वेंटिलेटर पर रखकर इलाज शुरू किया.
चिकित्सकों की टीम लगातार बच्ची को बचाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित थी और अस्पताल पहुंचने के समय उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी. सोमवार देर शाम बच्ची ने दम तोड़ दिया. मासूम की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

