Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष गश्ती अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पुलिस की नजर से बचने की कोशिश कर रहे थे.
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम परसुडीह पुलिस क्षेत्र में नियमित गश्ती कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी.
पुलिस को देखते ही दोनों युवक तेजी से भागने लगे. उनके व्यवहार से संदेह होने पर पुलिस ने पीछा किया और कुछ दूरी पर दोनों को पकड़ लिया.पकड़े गए युवकों की पहचान छोटा गोविंदपुर के सुभाषनगर निवासी मंगल गोप और सुंदरहातु कोचा बस्ती निवासी गुरुचरण सरदार उर्फ छोटू सरदार के रूप में हुई है. पुलिस ने जब उनके पास मौजूद हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की जांच की तो पता चला कि वाहन पर लगी नंबर प्लेट और उससे संबंधित दस्तावेज फर्जी हैं.
इसके बाद पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू की. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चोरी की है. उन्होंने बताया कि बाइक की पहचान छिपाने और पुलिस जांच से बचने के लिए उस पर नकली नंबर प्लेट लगाई गई थी.मामले में परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई. मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया था. इसके अलावा आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उनसे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.


Leave a Comment