Jamshedpur : मानगो स्थित संजीव नेत्रालय में शुक्रवार को आंख के ऑपरेशन के बाद एक मरीज ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया. मरीज का कहना है कि उसने आंख की रोशनी बेहतर करने के लिए करीब 45 हजार रुपये खर्च कर लेंस प्रत्यारोपण कराया था. लेकिन ऑपरेशन के बाद उसकी आंख की स्थिति सुधरने के बजाय और खराब हो गई और पहले से भी कम दिखाई देने लगा.
इसे भी पढ़े...
मरीज और उसके परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से इसकी शिकायत की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की ओर से कहा गया कि संबंधित डॉक्टर के आने के बाद ही मामले पर बात होगी. काफी देर तक डॉक्टर का इंतजार करने के बावजूद कोई नहीं पहुंचा, तो नाराज परिजनों की अस्पताल कर्मचारियों से बहस हो गई. देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई.
घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों ने भी अस्पताल की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उनका आरोप था कि पीड़ित मरीज की शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय अस्पताल प्रबंधन लगातार टालमटोल करता रहा. इससे मौके पर मौजूद लोगों में भी नाराजगी बढ़ गई और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पूरे विवाद के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने मरीज की दोबारा जांच कराने की पहल नहीं की, न ही किसी तरह की जिम्मेदारी स्वीकार की.
वहीं, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. मरीज ने चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह अस्पताल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment