Search

 
 
 

Jamshedpur News : बेटे पर अनहोनी का डर बताकर महिला से लाखों की  ठगी , जांच में जुटी पुलिस

टेल्को थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है.
 

Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का सहारा लेकर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है. दो शातिर युवकों ने एक महिला को उसके बेटे पर संकट आने का डर दिखाकर झांसे में लिया और करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर व अन्य सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है.

 

जानकारी के अनुसार, टेल्को स्थित एम-47/8 निवासी संगीता महांता किसी काम से घर से बाहर निकली थीं. जब वह रॉक गार्डेन के पास पहुंचीं, तभी एक युवक ने उनसे रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की. कुछ देर बाद दूसरा युवक भी वहां पहुंच गया और दोनों ने महिला से बातचीत करते हुए उनका विश्वास जीतने की कोशिश की.

 

बातचीत के दौरान युवकों ने महिला को बताया कि उनके बेटे पर अशुभ प्रभाव मंडरा रहा है और आने वाले दिनों में उसके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है. उन्होंने दावा किया कि एक विशेष धार्मिक उपाय और पूजा-पाठ के जरिए इस संकट को टाला जा सकता है. बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित महिला उनकी बातों में आ गईं.

 

इसके बाद ठगों ने कथित पूजा की प्रक्रिया के लिए महिला से सोने की चेन, अंगूठियां, कंगन समेत अन्य जेवरात और घर की चाबी अपने पास रखने को कहा. महिला ने भरोसा कर अपना सामान उन्हें सौंप दिया. सामान हाथ में आते ही दोनों युवक मौके से फरार हो गए.

 

कुछ समय बाद महिला को एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है. उन्होंने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी और टेल्को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के अनुसार, ठगों द्वारा ले जाए गए जेवरात और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपये है.

 

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ग्रह दोष, तंत्र-मंत्र, अनिष्ट या भविष्य में संकट की बात कहकर कोई व्यक्ति पैसे या कीमती सामान मांगे तो उसकी बातों पर विश्वास न करें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह की ठगी की घटनाओं को रोका जा सके.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही